यूपी समेत देश के 12 राज्यों में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) सबसे ज्यादा सक्रिय है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने बुधवार को राज्यसभा में लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
रेड्डी ने कहा, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दक्षिणी राज्य तेलंगाना, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में आईएस की मौजूदगी के संबंध में 17 केस दर्ज किए हैं और 122 लोगों को गिरफ्तार किया है। दक्षिणी राज्यों समेत विभिन्न राज्यों से कई लोग आईएस में भर्ती हुए हैं।
रेड्डी ने कहा, एनआईए की जांच में खुलासा हुआ है कि आईएस उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, बिहार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में सबसे ज्यादा सक्रिय है। आईएस अपनी विचारधारा का प्रचार करने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर रहा है।
साइबर एजेंसियां इन गतिविधियों पर करीब से नजर रख रही हैं और कानून के मुताबिक कार्रवाई कर रही हैं। सरकार को जानकारी है कि इन लोगों को कैसे फंड मुहैया कराया जा रहा है और आतंकी गतिविधियों के लिए उन्हें विदेशों से कैसे मदद मिल रही है।
रेड्डी ने कहा, केंद्र सरकार ने यूएपीए के तहत इस्लामिक स्टेट, इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड लेवांत, इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया, दाएश, इस्लामिक स्टेट इन खोरसान प्रोविंस, आईएसआईएस विलायत खोरासन, इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड शाम खोरासन को आतंकी संगठन घोषित किया हुआ है।