केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने बुधवार को श्री नारायण धर्म परिपालन (एसएनडीपी) योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन का बचाव किया और उनके द्वारा मुस्लिम बहुल मलप्पुरम जिले पर हाल ही में दिए गए बयान को सही ठहराया। केंद्रीय मंत्री जॉर्ज ने कहा कि किसी क्षेत्र को 'राष्ट्र' कहना उसकी ताकत का संकेत है।
एसएनडीपी योगम महासचिव नटेसन ने हाल ही में मलप्पुरम को कुल लोगों का एक अलग राष्ट्र बताया था। नटेसन ने यह भी आरोप लगाया था कि पिछले समुदायों के सदस्यों को मलप्पुरम में सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक और आर्थिक न्याय से वंचित किया जा रहा है। नटेसन की इस टिप्पणी की इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने कड़ी आलोचना की थी।
किसी क्षेत्र को राष्ट्र कहना उसकी ताकत का संकेत: कुरियन
इस मामले को लेकर केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी तथा अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री कुरियन ने कोझिकोड में पत्रकारों से बात की। उनके सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अक्सर केरल के कई क्षेत्रों को 'राष्ट्र' कहा जाता है और इसका मतलब भी अच्छा होता है। कुरियन ने कहा, 'किसी क्षेत्र को राष्ट्र कहना उसकी ताकत का संकेत है।'
ये भी पढ़ें: Politics: 'गवर्नर अब नहीं रह गए सरकारी विवि के कुलाधिपति'; DMK कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, बांटी मिठाइयां
नेता अपने-अपने समुदायों के लिए बोलते हैं
उनकी टिप्पणी इस तथ्य की पृष्ठभूमि में आई है कि मलप्पुरम में 56 फीसदी आबादी मुस्लिम है। अपनी टिप्पणी को सही ठहराते हुए कुरियन ने कहा कि समुदाय के नेता अपने-अपने समुदायों के लिए बोलते हैं। कुरियन ने कहा, 'तो, हमें इस पर टिप्पणी क्यों करनी चाहिए? मैं कैसे कह सकता हूं कि हमें वे समुदाय नहीं चाहिए या उन्हें स्वतंत्रता की आवश्यकता नहीं है? मैं एक राजनीतिज्ञ हूं।'
नटेसन ने चार अप्रैल को दिया था बयान
एसएनडीपी योगम महासचिव नटेसन ने चार अप्रैल को चुंगथारा में एझावा समुदाय के एक सम्मेलन को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि आप (समुदाय के सदस्य) अपनी स्वतंत्र राय व्यक्त करते हुए यहां नहीं रह सकते। मलप्पुरम कुछ लोगों के लिए एक अलग राष्ट्र या एक अलग राज्य जैसा है।' उन्होंने आरोप लगाया था कि मलप्पुरम में पिछड़े समुदाय के लोग लगातार भय में रहते हैं और स्वतंत्र रूप से सांस नहीं ले सकते। उनके साथ केवल वोटिंग मशीन जैसा व्यवहार किया जाता है।
ये भी पढ़ें: Kerala: किराये के घर में प्रसव के दौरान महिला की मौत, पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार; गैर इरादतन हत्या का केस
आईयूएमएल के नेता मुस्लिम विरोधी के रूप में कर रहे चित्रित: नटेसन
मामला तूल पकड़ने के बाद नटेसन ने अपने बचाव में सफाई दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कुछ नहीं कहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि आईयूएमएल के कुछ नेता उन्हें मुस्लिम विरोधी के रूप में चित्रित करने का प्रयास कर रहे हैं।
संबंधित वीडियो