केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को अपने आवास पर ‘ऑपरेशन गंगा (डायरी ऑफ अ पब्लिक सर्वेंट)’ किताब का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक क्षमताओं पर बात की और कहा कि आज हम विश्व से मदद नहीं मांगते बल्कि बाकी देश संकट में हमारी ओर देखते हैं। उन्होंने कहा, ऑपरेशन गंगा, कोरोना काल व अफगानिस्तान संकट में वहां फंसे सभी भारतीयों की बिना किसी खरोंच के स्वदेश वापसी कराई। सिर्फ भारतीयों की ही नहीं हमने अन्य देशों की भी मदद की।
यूक्रेन में फंसे 18 देशों के 147 नागरिकों को भी हमने बचाया। ठाकुर ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के चार मंत्रियों को विशेष दूत बनाकर रूस-यूक्रेन से लगे देशों की सीमाओं पर भेजा। पोलैंड, स्लोवाकिया, रोमानिया, माल्डोवा, हंगरी जैसे देशों में हमारे मंत्रियों ने स्थानीय अधिकारियों से समन्वय कर छात्रों के लिए रहने के ठिकाने उपलब्ध कराए। हमारे मंत्री वहां तब तक रुके जब तक हमारे सभी बच्चे सकुशल वापस नहीं आ गए। केंद्रीय मंत्री ने ऑपरेशन गंगा में इंडियन एयरफोर्स द्वारा चलाये गए 13 विशेष अभियानों का भी उल्लेख किया।
नेटफ्लिक्स के सीईओ टेड सारंडोस ने की अनुराग से मुलाकात
नेटफ्लिक्स के सीईओ टेड सारंडोस ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की। सारंडोस से बातचीत में ठाकुर ने बढ़ती रचनात्मक अर्थव्यवस्था पर प्रकाश डाला और बताया कि कैसे भारत एक कंटेंट और पोस्ट प्रोडक्शन हब के रूप में उभरा है। इस मुलाकात में दोनों के बीच भारत की क्षेत्रीय सामग्री पर चर्चा हुई कि किस तरह आज दुनिया भर में भारतीय कंटेंट पसंद किए जा रहे हैं। मालूम हो कि टेड सारंडोस नेटफ्लिक्स के संस्थापक सदस्यों में से हैं, जो पिछले 23 साल से भी ज्यादा समय से काम कर रहे हैं।