केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में दिव्यांगजनों को मुफ्त दिव्यांग सहायता उपकरण और अन्य सामान वितरित किए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बहुत बड़ा काम किया है। जिनके जीवन में या तो जन्म से या किसी घटना से किसी भी प्रकार की अपंगता आई है, उनको एक सम्मानजनक नाम देने का काम किया। प्रधानमंत्री मोदी ने उनको 'दिव्यांग' कहकर पूरे सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया।
इससे पहले शाह ने तेलंगाना में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि तेलंगाना में वोट बैंक की राजनीति की वजह से हैदराबाद मुक्ति दिवस अब तक आधिकारिक तौर पर नहीं मनाया गया था। कुछ नेताओं ने ऐसा करने का वादा किया था। वह यह दिवस मनाने का फैसला करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देना चाहते हैं।
दरअसल, हैदराबाद राज्य निजाम शासन के अधीन था। पुलिस ने भारत में इसका विलय कराने के लिए ‘ऑपरेशन पोलो’ नाम से अभियान चलाया था। यह अभियान 17 सितंबर 1948 को पूरा हुआ था। उन्होंने मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोगों ने चुनावों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान मुक्ति दिवस मनाने का वादा किया, लेकिन जब वे सत्ता में आए, तो रजाकारों (निजाम शासन के सशस्त्र समर्थकों) के भय से अपने वादों से मुकर गए।