कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच आज एक राहत की खबर आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने कहा कि देश में मृत्यु दर में लगातार कमी आ रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मृत्यु दर 1.18 फीसदी है जो लगातार कम हो रही है। रविवार को देश में 1.93 फीसदी लोग ICU बेड पर थे तो आज यानी मंगलवार को 1.75 फीसदी हैं। रविवार को वेंटिलेटर पर 0.40 फीसदी लोग थे आज भी इतने ही हैं। उन्होंने कहा कि रविवार को देश में ऑक्सीजन सपोर्ट पर 4.29 फीसदी लोग थे जो आज 4.03 फीसदी हैं। उन्होंने कहा कि आज सुबह तक 12,71,00,000 से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं।
हर्षवर्धन ने कहा कि आज हमारे पास बेहतर स्वास्थ्य की सुविधाएं हैं, यहां तक कि पिछले साल भी 80% से अधिक लोग होम आइसोलेशन में थे और बहुत लोग ठीक भी हो गए। उन्होंने कहा कि अब बड़े चिकित्सीय शिक्षण संस्थान की जिम्मेदारी है कि वे अपने बेड इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाएं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा पिछले 3-4 दिनों में बड़े संस्थानों और अस्पतालों में 800 से अधिक नॉन-आईसीयू ऑक्सीजन बेड जोड़े गए जिनकी संख्या और बढ़ाए जाने की जरूरत है।