सरकार ने देश के सभी नागरिकों को सुनिश्चित स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने के लिए बुधवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति को मंजूरी दे दी। सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्रीय कैबिनेट ने पिछले दो साल से लंबित स्वास्थ्य नीति को हरी झंडी दे दी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा इस नीति की विशेषताओं के बारे में बृहस्पतिवार को संसद को विस्तार से बताएंगे। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि इस नीति के तहत व्यापक बदलाव करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का दायरा बढ़ाया गया है।
एक अधिकारी ने बताया, ‘मसलन, अभी तक पीएचसी के तहत प्रतिरक्षण, एंटी-नैटल और कुछ अन्य जांच ही शामिल थी लेकिन नई नीति के तहत इसमें असंचारी रोगों की जांच भी शामिल होगी तथा कई अन्य पहलुओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा। नई नीति के तहत पहली बार जहां जिला अस्पतालों के उन्नयन पर विशेष जोर दिया जाएगा वहीं कार्यक्रमों को अमली जामा पहनाने की रूपरेखा भी तय की जाएगी।’