देश के अति सुरक्षित माने जाने वाले इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार देर रात मिले लावारिस बैग में विस्फोटक होने की आशंका में शुक्रवार को दिनभर हड़कंप रहा। दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने शुरुआत में आरडीएक्स होने का शक जताया और बैग कूलिंग पिट में रखा गया था।
सीआईएसएफ अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे सिपाही बीके सिंह ने गश्त के दौरान टर्मिनल-3 के पिलर नंबर-4 के पास लावारिस बैग देखा। उसने ईवीडी (एक्सप्लोसिव वेपोर डिटेक्टर) से जांच की और बैग में विस्फोटक होने की आशंका जताते हुए आला अधिकारियों को सूचना दी। इस पर सीआईएसएफ और दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे। पूरे इलाके को सील कर आगमन गेट बंद कर दिया गया और लोगों को दूसरे रास्ते से निकाला गया। इससे अफरातफरी फैल गई।
बैग की जांच के लिए सीआईएसएफ के बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्ते को बुलाया गया। बैग सूंघने के बाद कुत्ता शांत होकर बैठ गया। ट्रेनर के मुताबिक, इसका अर्थ बैग में विस्फोटक होना था। बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा जैकेट पहनकर मशीनों से करीब दो घंटे तक बैग की जांच की। इसके बाद बैग ट्रॉली पर सुरक्षित जगह ले जाया गया और कूलिंग पिट में डाल दिया गया।