उत्तर भारत में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक हाड़ कंपाती ठंड का कहर जारी है। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। यहां पारा 4.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। आर्द्रता का स्तर 86 फीसदी रहा। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के इर्दगिर्द बना रह सकता है। मौसम के कारण उत्तर भारत में 21 रेलगाड़ियां अधिकतम छह घंटे की देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार 1901 के बाद से अब तक दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर का महीना है। अधिकतम तापमान के सामान्य से कम से कम साढ़े चार डिग्री कम रहने पर दिन को ठंडा माना जाता है, अधिकतम तापमान के सामान्य से कम से कम साढ़े छह डिग्री कम रहने पर दिन को ‘बेहद ठंडा’ माना जाता है।
वहीं उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से गुरुवार को ठंड से 42 लोगों की मौत की सूचना मिली है। हरियाणा और पंजाब में ठंड बढ़ी, हिसार में तापमान गिरकर 0.3 डिग्री पर पहुंचा
हरियाणा और पंजाब में पड़ रही कड़ाके की ठंड शुक्रवार को भी जारी रही। हिसार में पारा नीचे लुढ़ककर 0.3 डिग्री पर पहुंच गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के हिसार में पिछली रात मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जब न्यूनतम तापमान छह डिग्री नीचे गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के अन्य स्थानों पर भी पारा लुढ़क गया और तत्काल कोई राहत की संभावना नहीं दिख रही है। अगले कुछ दिनों तक कड़कड़ाती ठंड जारी रहने का अनुमान है।
राज्य के सिरसा (दो डिग्री सेल्सियस), नारनौल (तीन डिग्री), रोहतक (3.2 डिग्री) और भिवानी (चार डिग्री) में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम हो गया। हरियाणा में अंबाला (5.5 डिग्री) और करनाल (सात डिग्री) में भी रात बेहद ठंड रही। पंजाब में, बठिंडा में सबसे कम 2.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अमृतसर में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 5.6 डिग्री, हलवारा 5.5 डिग्री, गुरदासपुर में 5.8 डिग्री और पटियाला में तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में कोहरे का असर रहा, जिससे शुक्रवार सुबह भी दृश्यता कम रही।
इसके अलावा तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ इलाकों में हल्की से छिटपुट बारिश की संभावना है। जबकि अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के बहराइच, लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी तथा बिहार में पूर्णिया, भागलपुर, पटना और गया में दिन का तापमान घटकर 10 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और इन शहरों में अगले 24 घंटों में सर्वाधिक चार से ताक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
118 साल में दिल्ली दूसरे सबसे ठंडे दिसंबर के करीब
दिल्ली की सर्दी 118 साल में दूसरे सबसे ठंडे दिसंबर का रिकॉर्ड तोड़ने की कगार पर है। 1901 के बाद 1997 में सबसे सर्द दिसंबर था जब इस महीने का औसत अधिकतम तापमान (एमएमटी)17.3 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के मुताबिक इस साल अब तक दिसंबर का औसत अधिकतम तापमान 19.85 डिग्री रहा है, जो 31 दिसंबर तक 19.15 डिग्री हो सकता है। ऐसा होता है तो 1997 के बाद यह दिसंबर का दूसरा सबसे कम औसत अधिकतम तापमान और दूसरा सबसे सर्द दिसंबर होगा। 14 दिसंबर के बाद से बृहस्पतिवार तक लगातार 13वां दिन है जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री दर्ज किया गया है।