सपा के गुंडाराज से मुक्ति पाने के लिए एक मात्र विकल्प भाजपा ही है। पार्टी सबका साथ और सबका विकास में विश्वास रखती है। भाजपा सरकार आने पर अपराधियों और गुंडों की जगह जेल में होगी। यह बातें केंद्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री उमा भारती ने पार्टी प्रत्याशी रामनरेश अग्निहोत्री के समर्थन में नेशनल महाविद्यालय में हुई सभा में कहीं।
भाजपा नेत्री ने कहा कि पूर्व मे भाजपा की सरकार में गुंडों, बदमाशों को जेल में बंद कर कानून-व्यवस्था एवं शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया गया था। सपा व बसपा ने शासन में आने पर शिक्षा का बाजारीकरण कर दिया। वहीं कानून व्यवस्था गुंडों के हाथ में सौप दी है। इस कारण खाकी वर्दी जगह जगह पिट रही है। उनकी सरकार आने पर प्रदेश मे कानून का राज स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीतिगत निर्णय लेने का इन दलों ने जमकर विरोध कर जनता को गुमराह करने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि जिन नेताओं, माफियाओं, गुंडों ने अवैध रूप से धन एकत्र किया था, नोटबंदी के बाद अब सारा पैसा बैंक में है। यदि यह लोग अवैध रूप से कमाए गए पैसे का हिसाब नहीं दे पाए तो ये सारा पैसा जनता का होगा। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर चुटकी ली। कहा, सपा अपनी आपसी लड़ाई के कारण चुनावी दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी थी। यही का कारण है कि अखिलेश यादव को मजबूरी में पप्पू राहुल गांधी से गठबंधन करना पड़ा।