इस बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने बुधवार को देश के सामरिक परमाणु बल का अभ्यास देखा। इस अभ्यास में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के प्रक्षेपण भी शामिल थे। रूस के रक्षा मंत्री सेरगेई शोईगु ने पुतिन को बताया कि रूस पर परमाणु हमला होने की स्थिति में उसके द्वारा बड़े पैमाने पर परमाणु हमला करने का अभ्यास किया गया।
रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन में स्थिति पर चर्चा की। सर्गेई शोइगु ने यूक्रेन द्वारा डर्टी बम के इस्तेमाल से संभावित उकसावे के बारे में अपनी चिंताओं के बारे में भी बात की। रूसी दूतावास के हवाले से यह जानकारी दी गई है।
विज्ञापन
रूस के रक्षा मंत्री से फोन पर बातचीत में राजनाथ सिंह ने यूक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए बातचीत के रास्ते को अपनाने को कहा। उन्होंने कूटनीति के रास्ते को अपनाने की जरूरत पर जोर दिया। राजनाथ सिंह ने रूस के रक्षा मंत्री से कहा कि किसी भी पक्ष को परमाणु हमले के विकल्प पर विचार नहीं करना चाहिए।
रूस और यूक्रेन में बढ़ते तनाव के बीच रूस के रक्षा मंत्री की पहल पर बातचीत की गई। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, राजनाथ सिंह ने संघर्ष के जल्दी समाधान के लिए संवाद और कूटनीति के मार्ग को अपनाने की जरूरत पर भारत के रुख को दोहराया।
विज्ञापन
मंत्रालय ने बताया कि राजनाथ सिंह ने संकेत दिया कि किसी भी पक्ष को परमाणु विकल्प को नहीं अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परमाणु या रेडियोलॉजिकल हथियारों के इस्तेमाल की संभावना मानवता के मूलभूत सिद्धांत के खिलाफ है। दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पर भी चर्चा की।
दरअसल, रूस ने करीब दो सप्ताह पहले क्रीमिया में एक बड़े विस्फोट के जवाब में यूक्रेन के अनेक शहरों को निशाना बनाकर मिसाइल हमले शुरू कर दिए हैं। इसके बाद दोनों के बीच टकराव बढ़ गया है। विस्फोट के लिए रूस ने यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया था। यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से जल्द से जल्द देश छोड़ने को भी कहा है।