तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने विजय पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सिर्फ शनिवार को राजनीति नहीं करते, बल्कि हर दिन जनता के बीच जाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस गठबंधन में बनी रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से रोजाना लोगों से मिलने और डीएमके की उपलब्धियां बताने की अपील की। इसके अलावा, उन्होंने AIADMK प्रमुख पलानीस्वामी और भाजपा भी हमला बोला।
तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने शुक्रवार को अभिनेता-राजनेता विजय पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल शनिवार को ही प्रचार या पार्टी के काम के लिए बाहर नहीं निकलते हैं। उन्होंने कहा कि वह 4-5 दिन आधिकारिक दौरे पर रहते हैं और रविवार को भी जनता के बीच जाते हैं। टीवीके कार्यकर्ताओं का नाम लिए बिना कहा कि उन्हें विचारधारा के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
विज्ञापन
डीएमके युवा विंग सचिव उदयनिधि ने कहा कि वह किसी दिन का इंतजार नहीं करते, बल्कि हर जिले में जाकर काम करते हैं। वहीं, विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम (टीवीके) ने 13 सितंबर से राज्यव्यापी दौरा शुरू किया है और अब तक केवल शनिवार को ही प्रचार किया है।
डीएमके गठबंधन में बनी रहेगी कांग्रेस
उदयनिधि ने कांग्रेस का नाम लिए बिना भरोसा जताया कि वह आगे भी डीएमके गठबंधन में बनी रहेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर 'कलैगनार अनी' (दिवंगत डीएमके संरक्षक एम करुणानिधि की टीम) के रूप में काम करें और अगले छह महीने रोजाना जनता से मिलकर सरकार की उपलब्धियों को बताएं।
AIADMK प्रमुख एडप्पादी पलानीस्वामी पर भी साधा निशाना
उदयनिधि ने कहा कि नई बनी पार्टियों के कार्यकर्ताओं को विचारधारा का ज्ञान ही नहीं है, जबकि डीएमके चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और तमिल भाषा के लिए बनी पार्टी है। AIADMK प्रमुख एडप्पादी पलानीस्वामी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब उन्हें केवल भाजपा नेता अमित शाह ही याद हैं, यहां तक कि अपनी पार्टी के संस्थापक एमजी रामचंद्रन का चेहरा भी भूल चुके हैं।
हाथ हमेशा हमारे साथ रहेगा
कांग्रेस की ओर से विधानसभा चुनाव 2026 में अधिक सीटों की मांग और विजय की पार्टी द्वारा सहयोगियों को सत्ता में हिस्सेदारी देने के संकेतों के बीच उदयनिधि ने इशारों में कहा- 'हाथ हमेशा हमारे साथ रहेगा, इसकी चिंता मत कीजिए। इस पर फैसला हमारे नेता मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ही करेंगे।'