महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर औरंगाबाद हवाई अड्डे का नाम बदलकर छत्रपति संभाजी महाराज हवाई अड्डा करने का निर्णय लेने को कहा। इस बात की जानकारी बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी।
बता दें कि दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने साल 1988 में इस शहर का नाम बदलकर संभाजी नगर रखने की मांग की थी। उसके बाद से ही नाम बदलने की राजनीति जारी है। चूंकि औरंगाबाद महानगरपालिका के चुनाव होने वाले हैं इसलिए शिवसेना ने इस मुद्दे को फिर से तूल दे दिया है। जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात ने नाम बदलने का कड़ा विरोध किया है। वहीं, विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने नाम बदलने की राजनीति को नूरा-कुश्ती करार देते हुए कहा है कि चुनाव के चलते शिवसेना और कांग्रेस नाटक कर रही हैं।