उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर जिलेटिन लदी कार के मालिक मनसुख हिरण की मौत के मामले में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विपक्षी दल भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सब इंस्पेक्टर सचिन वाजे को ओसामा बिन लादेन ठहराने का प्रयास किया जा रहा है।
वाजे का शिवसेना से कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, किसी को राज्य में निशाना बनाने की नई पद्धति शुरू हुई है। जांच से पहले किसी को फांसी पर लटकाना ठीक नहीं है। मामले की जांच शुरू हुई है, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
सचिन वाजे के वकील हैं उद्धव ठाकरे : फडणवीस
विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सचिन वाजे को वकील की जरूरत नहीं है, उनके वकील उद्धव ठाकरे हैं। क्योंकि सबूतों के होते हुए भी मुख्यमंत्री सचिन वाजे को बचाने की वकालत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हम भी जानते हैं कि वाजे ओसामा बिन लादेन नहीं हैं लेकिन मुख्यमंत्री का निर्णय तुगलकी है। उन्होंने सवाल किया कि मनसुख हिरण की मौत में वाजे का नाम आने के बाद डेलकर की आत्महत्या मामले में एफआईआर क्यों दर्ज किया गया।
अंबानी के घर पर हेलिपैड बनाने के लिए रचा गया षड्यंत्र :पटोले
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया पर हेलिपैड बनाने के लिए जिलेटिन की छड़ों से भरी कार का षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने कहा कि अंबानी को हेलिपैड बनाने की अनुमति नहीं मिल रही है।
वहीं, किसान आंदोलन के चलते रिलायंस के शेयर लगातार नीचे जा रहे हैं। इसलिए सहानुभूति प्राप्त करने के लिए अंबानी के घर के कुछ दूरी पर विस्फोटक से लदी कार की साजिश रची गई।