महाराष्ट्र में मराठा आंदोलन के दौरान विवादित कार्टून छापने के बाद अपने ही सांसद और विधायकों की नाराजगी झेल रहे शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने आखिरकार माफी मांग ली है।
शनिवार को उद्धव ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कार्टून से लोगों की भावना को ठेस पहुंची है तो शिवसेना अध्यक्ष के तौर पर मैं महाराष्ट्र की माताओं-बहनों से विनम्रता पूर्वक माफी मांगता हूं। इसके बाद मराठाओं के संगठन संभाजी ब्रिगेड ने भी विवाद खत्म करने की घोषणा कर दी है।
पिछले दिनों शिवसेना के मुखपत्र सामना में मराठा समाज के मूक मोर्चे को लेकर एक कार्टून प्रकाशित हुआ था। इसे आपत्तिजनक मानते हुए मराठा संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई थी।
संभाजी ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने मुखपत्र के नवी मुंबई स्थित प्रेस पर पथराव किया था और ठाणे स्थित कार्यालय पर स्याही फेंकी थी। विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखेपाटील व एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने भी उद्धव से माफी मांगने की मांग की थी।