तमिलनाडु के पटायमकोट्टाई में दो ट्रांसजेंडर समेत तीन लोगों को गला रेतकर हत्या कर दी गई, इन तीनों के शव एक कुंए में मिले। पुलिस ने पिछली किसी दुश्मनी की आशंका जताई है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि जब कुंए से इन शवों को निकाला गया तो वे बोरी में पैक किए हुए थे।
पुलिस ने इन तीनों की पहचान कर ली है। जिन तीन लोगों की गला रेत कर हत्या की गई है, उनके नाम हैं अनुष्का (35 साल), भवानी (34 साल) और मुरूगन (38 साल)। पुलिस ने बताया कि मुरूगन ने अनुष्का और भवानी दोनों से शादियां की हुई थी। पुलिस ने जानकारी दी कि वो एक बच्चा गोद लेना चाहते थे।
बच्चा गोद लेने के उद्देश्य से ये तीनों सलेम के ऋषिकेश से मिले और उसे पांच लाख रुपये का भुगतान किया। हालांकि पैसे लेने के बाद ऋषिकेश उन्हें बच्चा ना देने के अजीबोगरीब बहाने करने लगा, इसलिए ऋषिकेश पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद मुरूगन, ऋषिकेश की बहन के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अपमानजनक संदेश भेजने लगा। जिससे आहत होकर ऋषिकेश और उसके दो साथियों ने मुरूगन और उसकी दोनों ट्रांसजेंडर पत्नियों की हत्या कर दी। उन्होंने इनके शवों को बोरे में लपेटकर हाईवे के पास वाले कु्ंए में फेंक दिया।
इन शवों को तब बाहर निकाला गया जब पुलिस को कुछ ट्रांसजेंडर्स से खबर मिली कि वो अनुष्का और भवानी से संपर्क नहीं पा रहे हैं।