बंगलूरू पुलिस ने दो लोगों को कथित तौर पर मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और उनके बेटे निखिल को लेकर एक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बता दें हाल में हुए लोकसभा चुनाव में निखिल मांड्या सीट से हार गए थे।
पुलिस ने बताया कि वायरल हो रहे वीडियो में दो लोग कुमारस्वामी और उनके परिवार खासकर निखिल के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन दोनों व्यक्तियों में एक का नाम सिद्धराजू है, वह पेट्रोल बंक पर काम करता है और दूसरा चामा गोडरू है जो कैब ड्राइवर है।
इस वीडियो को लेकर जनता दल सेक्यूलर की सोशल मीडिया सेल ने शिकायत दर्ज कराई थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया था और 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
नाम न बताने की शर्त पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों को मजिस्ट्रेट के सामने ले जाया गया और दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि पिछले महीने ही कन्नड़ दैनिक अखबार विश्ववाणी के संपादक विश्वेश्वर भट पर निखिल कुमारस्वामी के खिलाफ अपमानजनक लेख प्रकाशित करने का आरोप लगाया गया था।
मुख्यमंत्री ने मीडिया पर उनके खिलाफ पूर्वाग्रह करने का आरोप लगाते हुए धमकी दी थी कि वह मीडिया के खिलाफ कानून लेकर आएंगे। वहीं, रामनगरम से विधायक कुमारस्वामी की पत्नी अनीता ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नकारात्मक कवरेज करने के लिए मीडिया की आलोचना की थी।