ओडिशा के ढेंकनाल जिले में सोमवार को एक पर्यटक बस के पुल से गिर जाने से कम से कम दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसे में 33 अन्य घायल भी हुए हैं। पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। ढेंकानाल के पुलिस अधीक्षक ज्ञान रंजन महापात्रा ने यहां संवाददाताओं को बताया कि यह घटना पंचुबती के पास घने कोहरे के कारण हुई।
बस में करीब 40 लोग सवार थे और ढेंकनाल से केंद्रपाड़ा के इच्छापुर जा रहे थे। मृत महिलाओं की पहचान केंद्रपाड़ा शहर के इच्छापुर की रेणुबाला जेना और बिजयलक्ष्मी स्वैन के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 33 घायलों को ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिजोरम में छह गिरफ्तार
पुलिस ने मिजोरम में दो अलग-अलग अभियानों में 4.1 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की और बरामदगी के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक टीम ने शनिवार को असम सीमा के पास कोलासिब जिले के वैरेंगटे पुलिस थाना जंक्शन पर खाली एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक को रोका।
उन्होंने बताया कि गहन जांच करने पर वाहन से 3.4 करोड़ मूल्य की 625 ग्राम हेरोइन जब्त की गई, जो असम की ओर जा रही थी। मादक पदार्थ साबुन के 50 डिब्बों में पैक किया गया था और एक खाली गैस सिलेंडर में छुपाया गया था। इस दौरान असम के चाचर जिले के सोनाई निवासी वाहन के चालक को जब्ती के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया।
एक अन्य अभियान में असम राइफल्स और राज्य पुलिस के विशेष नशीले पदार्थों के दस्ते ने रविवार को आइजोल के जोनुआम क्षेत्र में 70 लाख रुपये मूल्य की 140 ग्राम हेरोइन जब्त की। मादक पदार्थ रखने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।