तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में रविवार को जल्लीकट्टू का आयोजन किया गया। इस दौरान पुडुकोट्टई जिले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 अन्य घायल हो गए। उधर, मदुरै में जल्लीकट्टू के आयोजन के 'स्थायी हल' की मांग पर हो रहे प्रदर्शन के दौरान डिहाईड्रेशन से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
इससे पहले मदुरै के आलंगनल्लूर में लोगों ने 'स्थायी समाधान' की मांग करते हुए जल्लीकट्टू के आयोजन से इनकार कर दिया। इस वजह से मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम को बगैर उद्घाटन किए ही चेन्नई लौटना पड़ा। पनीरसेल्वम ने शनिवार को कहा था कि वह सुबह 10 बजे आलंगनल्लूर में जल्लीकट्टू का उद्घाटन करेंगे। पुलिस ने रविवार को बताया कि पुडुकोट्ट्ई में जल्लीकट्टू में बड़ी संख्या में लोगों और सांड़ों ने हिस्सा लिया। इस दौरान घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा अध्यादेश जारी करने के बाद रविवार को तमिलनाडु के कई हिस्सों के साथ ही पुडुकोट्टई के रापुसल में भी जल्लीकट्टू का आयोजन किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुडुकोट्टई में सांड़ों के सिंग लगने से बुरी तरह घायल होने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मदुरै शहर में प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति की जान चली गई। तिरुनेलवेली में भी प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र और छात्राएं बेहोश हो गईं। मौके पर ही उनका उपचार किया गया।