तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में गुरुवार को दो हथिनी मृत पाई गई जबकि एक अन्य हाथी पास के नीलगिरी में मृत पाया गया है। वन विभाग ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि हाथियों के मरने के कारणों का पता लगाने के लिए उनका शव परीक्षण कराया जा रहा है।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि यहां से करीब 45 किलोमीटर दूर मेत्तुपलायम के कंडीयूर में 25 साल की एक हथिनी मृत पाई गई। उसकी बाईं कान से खून बह रहा था।
सूत्रों ने बताया कि विभाग के अधिकारी पशु चिकित्सकों के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा ।
इस हथिनि के शव परीक्षण की तैयारी चिकित्सक कर ही रहे थे कि वन अधिकारियों को यहां से 20 किलोमीटर दूर एक अन्य मादा हाथी के सिरुमुगई में मृत होने की सूचना मिली। सूत्रों ने बताया कि 20 साल की इस हथिनी के बारे में कहा जा रहा है कि उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं था।
इस बीच, नीलगिरी जिले में बांस के एक निजी रिसॉर्ट में एक अन्य हाथी का शव बरामद किया गया है। अधिकारियों के अनुसार उसकी मृत्यु संभवत: करंट लगने से हुई है। हाथी बांस खीचते वक्त बिजली तार को अथवा घेरा को छू गया होगा। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।