फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: पश्चिम बंगाल में मुंबई जाने वाली हावाड़ मेल के दो डिब्बे हुए अलग; केरल सड़क हादसे में पांच की मौत

Sat, 16 Dec 2023 07:21 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

सार

दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) आदित्य चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही आला-अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह है कि ट्रेन धीरे चल रही थी, इसलिए जनहानि होते-होते रह गई।
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल के उलुबेरिया स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया। दरअसल, मुंबई जाने वाली हावड़ा-मुंबई मेल (12810) ट्रेन के दो डिब्बे रात करीब साढ़े नौ बजे अलग हो गए। दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) आदित्य चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही आला-अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह है कि ट्रेन धीरे चल रही थी, इसलिए जनहानि होते-होते रह गई। कपलिंग ठीक होते ही ट्रेन दोबारा आगे बढ़ जाएगी। 

विज्ञापन


सबरीमाला मंदिर जा रहे टेंपो से टकराया ऑटो, पांच मौत
केरल के मनचेरी के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक टेंपो की ऑटो से भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। ऑटो ड्राइवर चालक अब्दुल मजीद (50) के साथ-साथ थिसलीमा (34), मुहसिना (32), रायहा फातिमा (4) और रिंशा फातिमा (7) की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, टेंपो सवार श्रद्धालु सबरीमाला मंदिर जा रहे थे और वे फिलहाल मामूली घायल हैं। श्रद्धालु कर्नाटक के निवासी हैं।

जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपियों को पकड़ा
मुंबई पुलिस ने एक्सटॉर्शन के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यापारी को 15 लाख रुपये न देने के कारण जान से मारने की धमकी दी थी। मुंबई अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि मुलुंड के रहने वाले व्यापारी को चार दिसंबर को जबरन वसूली के लिए फोन आया था। उन्होंने नवघर पुलिस से संपर्क किया और 11 तारीख को केस दर्ज कराया। पुलिस ने एक आरोपी को रेती बंदर से गिरफ्तार किया और बाद में पूछताछ के दौरान आरोपी ने ही अपने साथी के बारे में भी जानकारी दी।
विज्ञापन


मालदा जिले के बाजार में लगी आग
पश्चिम बंगाल के मालदा के चचोल बाजार में शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक जूते की दुकान में आग लग गई। हालांकि, कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू करने की कोशिश की।

पीएम मोदी से मिले छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी। राज्यपाल इन दिनों दिल्ली दौरे पर है। उन्होंने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट की थी। इससे पहले राज्यपाल ने बुधवार को भाजपा नेता विष्णुदेव साय को रायपुर में मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी।

त्रिपुरा में प्रतिबंधित एनएलएफटी के दो नेता गिरफ्तार किए गए
प्रतिबंधित नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) के दो नेताओं को पश्चिम त्रिपुरा जिले से गिरफ्तार किया गया है। दोनों पड़ोसी देश बांग्लादेश से भारत में घुसने की कोशिश में थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन के पूर्व सेना प्रमुख सचिन देबबर्मा और इसके राजनीतिक सचिव उत्पल देबबर्मा को अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सिमना इलाके से बृहस्पतिवार रात पकड़ा गया। विशेष शाखा के डीआईजी कृष्णेंदु चक्रवर्ती ने कहा कि कार्रवाई गुप्त सूचना पर की गई थी।

पुणे में विश्व रिकॉर्ड स्थापित
पुणे के एक विशाल मैदान में आयोजकों ने शुक्रवार को कहा कि सराहनीय साहित्यिक उत्साह दिखाते हुए, एक कार्यक्रम के दौरान तीन हजार से अधिक माता-पिता ने एक साथ अपने बच्चों के लिए कहानियां पढ़ीं , जो कि  एक मील का पत्थर है जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह मिली है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की एक और उपलब्धि तब हासिल हुई जब यहां फर्ग्यूसन कॉलेज मैदान पर 'भारत' लिखने के लिए 7,500 पुस्तकों का उपयोग किया गया। पिछला रिकॉर्ड सऊदी अरब के नाम था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पढ़ने की इस संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के बारे में शिक्षा निकाय द्वारा एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए, मोदी ने कहा, 'पढ़ने की खुशियां फैलाने का सराहनीय प्रयास। इसमें शामिल लोगों को बधाई। मराठे ने कहा, सभी उम्र के लोगों के बीच पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक कहानी कहने की गतिविधि का आयोजन किया गया था। एक साथ कहानी कहने का पिछला रिकॉर्ड चीन के पास था और इसका उद्देश्य रिकॉर्ड तोड़ना था।

पूर्व पीएम देवगौड़ा खरगे से मिले, कयासबाजी तेज
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री व जनता दल (सेक्युलर) प्रमुख एचडी देवगौड़ा ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से संसद के उनके कक्ष में लंबी मुलाकात की। इस अप्रत्याशित मुलाकात में क्या बात हुई इसको लेकर कयासबाजी तेज हो गई है। दोनों नेताओं की बैठक इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि यह देवगौड़ा की जदएस के भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल होने के कुछ महीने बाद हुई है। इस साल सितंबर में जदएस ने कर्नाटक में भाजपा के साथ गठबंधन कर लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।

सवाल पूछने वालों को निलंबित करना कितना सही : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को पूछा कि सुरक्षा में चूक पर प्रश्न पूछने वाले सांसदों को निलंबित करना कितना सही है। उन्होंने दोनों सदनों में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग करते हुए कहा कि वे सुरक्षा चूक पर संसद में बयान क्यों नहीं दे रहे। टीवी पर साक्षात्कार दे सकते हैं, तो संसद में बयान देने से क्यों परहेज है। शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि सत्ता पक्ष के लोगों को भी बयान देने का आग्रह करना चाहिए।

श्रीनगर में 193 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त 
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जम्मू-कश्मीर राज्य सहकारी बैंक (जेकेएससीबी) से जुड़े ऋण धोखाधड़ी मामले में 193 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर ली। कार्रवाई 250 करोड़ रुपये से अधिक के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। श्रीनगर के शिवपोरा में स्थित 257.19 कनाल की इस जमीन की कीमत 193.46 करोड़ रुपये है। ईडी ने एक पखवाड़े पहले मारे छापे में सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद शफी डार का परिसर भी खंगाला था। जानकारी के मुताबिक, धोखाधड़ी रिवर झेलम गृह निर्माण समिति के नाम पर हुई थी, जबकि इस नाम की समिति पंजीकृत ही नहीं थी। इस फर्जी समिति के अध्यक्ष हिलाल ए मीर ने डार के साथ पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें