नगालैंड के मोन जिले में आज एनएससीएन-केवायए के आतंकियों ने आज असम राइफल्स के जवानों पर गोलियां दागीं। इस झड़प में सेना के दो जवान घायल हो गए हैं। घायल दोनों जवानों को असम के जोरहाट एयरफोर्स अस्पताल में ले जाया गया है। मुठभेड़ में आतंकियों के भी घायल होने का संदेह है। इलाके में सर्च अभियान जारी है।
शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सोमवार को फोमचिंग क्षेत्र के न्यासा गांव में तड़के 2.35 बजे सुरक्षाकर्मियों ने जंखम से न्यासा के बीच जंगल ट्रैक पर संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने जब कार्रवाई की तो आतंकवादियों ने पहल करते हुए सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी फायरिंग की। इस हमले में दो जवान घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि जवानों की हालत स्थिर है।
कुछ दिन पहले अरुणाचल के सीमावर्ती इलाकों में उग्रवादियों ने गोलीबारी की थी। उसमें असम राइफल्स के जवानों को निशाना बनाया गया था। इससे पहले बीते साल में 4 दिसंबर को नागालैंड में मोन जिले के ओटिंग-तिरू इलाके को गलत पहचान के चलते आतंकवादियों के लिए घात लगाकर किए गए हमले में 13 नागरिक मारे गए थे।