'गडकरी जी, बधाई! भाजपा में एक आप ही तो हैं, जो जिगर रखते हैं।' ये बोल हैं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के लिए। राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को ट्विटर पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आपने सच कहने का साहस दिखाया है और उम्मीद है कि अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी इसी तरह की बेबाकी से बोलेंगे। वहीं, गडकरी ने भी राहुल गांधी के ट्वीट का करारा जवाब दिया है।
राहुल गांधी ने सोमवार की दोपहर यह ट्वीट किया। उन्होंने अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों राफेल घोटाला, अंबानी, किसानों की दुर्दशा और संस्थानों की बर्बादी के बारे में भी बोलने की अपील की है। अपने ट्वीट में उन्होंने एक न्यूज कटिंग पोस्ट की है, जो सोमवार को मीडिया में सुर्खियां बनी।
शनिवार को हुई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के एक कार्यक्रम में गडकरी ने कहा था कि जो अपना घर नहीं संभाल सकता, उसके लिए देश को देखना आसान काम नहीं है। उन्होंने कहा था कि कार्यकतार्ओं को पहले अपनी घरेलू जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए क्योंकि जो लोग अपना घर नहीं देख सकते वह देश को नहीं संभाल सकते हैं।
दूसरे ट्वीट में कहा- रोजगार पर भी बोलें
गडकरी को बधाई करने वाले ट्वीट के कुछ ही घंटे बाद राहुल गांधी ने एक और ट्वीट किया और उस ट्वीट में माफी मांगते हुए एक और मुद्दे 'रोजगार' पर बोलने की अपील की। दूसरी ट्वीट उन्होंने लिखा कि माफ कीजिए, एक महत्वपूर्ण विषय तो छूट ही गया था- रोजगार, रोजगार, रोजगार।
गडकरी ने लिखा- सर्टिफिकेट की जरुरत नहीं
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी राहुल गांधी के ट्वीट का करारा जवाब दिया है। उन्होंने ट्वीट कर राहुल गांधी को लिखा कि मेरी हिम्मत के लिए मुझे आप के सर्टिफिकेट की जरूरत नही है लेकिन आश्चर्य इस बात का है कि एक राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष होने बाद भी हमारी सरकार पर हमला करने के लिए आपको मीडिया द्वारा ट्विस्ट किए गए खबरों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इसके साथ ही गडकरी ने राफेल, किसानों की स्थिति व अन्य मुद्दों पर ठोस जवाब भी लिखा है। उन्होंने एक के बाद एक लगातार ट्वीट कर उन मुद्दों पर जवाब दिया, जिनपर राहुल गांधी ने ट्वीट कर गडकरी से बोलने की अपील की थी।