पुणे के पास बारामती में स्थित रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी के अधिकारियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ कथित तौर पर असहयोग करने पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को कहा कि पिछले महीने उसके दो विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच चल रही है।
अकादमी का विमान 19 और 22 अक्तूबर को बारामती तहसील में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। 19 अक्तूबर की घटना में, कटफल गांव के पास एक प्रशिक्षण विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक पायलट घायल हो गया, जबकि 22 अक्तूबर की घटना में, गोजुबावी गांव के पास एक अन्य प्रशिक्षण विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो व्यक्ति घायल हो गए थे।
एएआईबी के अधिकारी ने दर्ज करवाई शिकायत
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी के कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत नई दिल्ली स्थित विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के एक अधिकारी द्वारा दर्ज की गई है, जो इन दुर्घटनाओं की जांच करने वाली टीम का हिस्सा था।
बारामती तालुका पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर प्रभाकर मोरे ने कहा कि अकादमी के अधिकारियों ने कथित तौर पर एएआईबी टीम को आवश्यक जानकारी नहीं दी और सहयोग नहीं किया, इस प्रकार आधिकारिक काम में बाधा उत्पन्न हुई।
इन धाराओं में अपराध दर्ज
मोरे ने कहा, 'रेडबर्ड अधिकारियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल) और 186 (लोक सेवक को सार्वजनिक कार्यों के निर्वहन में बाधा डालना) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।'