टीआरएस विधायक जी महिपाल रेड्डी
- फोटो : twitter.com/TRSGMR
सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के एक विधायक के खिलाफ सांगारेड्डी जिले में एक पत्रकार को कथित तौर पर धमकी देने और उससे गाली-गलौज करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी बुधवार को पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि पटनचेरू के विधायक जी महिपाल रेड्डी पर आईपीसी की धारा 504 (जानबूझकर अपमान करना जिसकी मंशा शांति भंग करने के लिए उकसाना है) और 506 (आपराधिक धमकी) सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं और एससी, एसटी (अत्याचार निवारण) कानून के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि एक स्थानीय अखबार के पत्रकार ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि टीआरएस विधायक जी महिपाल रेड्डी ने एक खबर को लेकर मंगलवार को फोन पर उससे गाली-गलौज की और धमकी दी। खबर में आरोप लगाया गया था कि विधायक के समर्थक अमीनपुर इलाके में जमीन हड़पने में संलिप्त थे।