त्रिपुरा में नशीली दवाओं की तस्करी में कथित रूप से शामिल रहने के आरोप में सुशील देबबर्मा नामक पुलिस के एक सहायक सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया गया है। उसके घर की तलाशी के दौरान 10.01 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। राज्य में गांजे व नशीली दवाओं की बढ़ती तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए शुरू अभियान के दौरान पश्चिम अगरतला थाने में इस मामले में एक मामला दर्ज किया गया था।
इस अभियान के दौरान ही पुलिस को माधवी देबबर्मा के हेरोइन तस्कर गिरोह में शामिल होने का पता चला था। गोपनीय सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने मंगलवार रात को माधवी को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर ही पुलिस ने सहायक सब-इंस्पेक्टर सुशील देबबर्मा को गिरफ्तार कर उसके घर से नकदी बरामद की।