त्रिपुरा में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव हैं और उससे पहले भाजपा के सहयोगी दल इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को बड़ा झटका लगा है। आईपीएफटी के वरिष्ठ सदस्य और आशारामबाड़ी विधायक मेवार कुमार जमातिया ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। मंगलवार को जमातिया ने अपना इस्तीफा त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष रतन चक्रवर्ती को सौंपा। आईपीएफटी के पूर्व अध्यक्ष और त्रिपुरा के पूर्व मंत्री मेवर कुमार जमातिया के टीआईपीआरए में शामिल होने की संभावना है।
मेवार कुमार जमातिया के विधायक पद से इस्तीफा देने के साथ त्रिपुरा विधानसभा में आईपीएफटी की संख्या घटकर सिर्फ पांच रह गई है। इससे पहले आईपीएफटी नेता धनंजय त्रिपुरा ने भी विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और टीआईपीआरए में शामिल हो गए थे। सितंबर के महीने में भाजपा नेता बरबा मोहन त्रिपुरा ने भी विधायक पद से इस्तीफा देकर टीआईपीआरए में शामिल हो गए थे। जमातिया त्रिपुरा में भाजपा-आईपीएफटी सत्तारूढ़ गठबंधन को छोड़ने वाले सातवें विधायक हैं।