माणिक साहा, मुख्यमंत्री, त्रिपुरा
- फोटो : ANI
त्रिपुरा में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रविवार को ग्वाला बस्ती और मास्टरपारा इलाके में घर-घर अभियान चलाकर पार्टी का प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता से उन्हें अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। वह जिस तरह से हमारा साथ दे रही है, उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि हमें 2018 के मुकाबले अधिक समर्थन मिलेगा।
मुख्यमंत्री साहा ने आगे कहा कि चुनाव में हमारा कोई प्रतिद्वंदी नहीं है, चाहें वह टिपरा मोथा हो, कांग्रेस हो या सीपीआई। हमने पारदर्शिता के साथ काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी जिस तरह से देश चला रहे हैं, हम भी उसी तर्ज पर काम कर रहे हैं। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति अच्छी है।
ग्रेटर टिपरालैंड की मांग पूरी होना संभव नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा, टिपरा मोथा पार्टी की ग्रेटर टिपरालैंड की मांग पूरी होना संभव नहीं है, क्योंकि इसकी प्रस्तावित सीमा न केवल असम और मिजोरम बल्कि पड़ोसी बांग्लादेश से भी गुजरती है। उन्होंने कहा, क्षेत्रीय दल आगामी विधानसभा चुनावों में स्थितियों से लाभ उठाकर आदिवासी और गैर-आदिवासी लोगों के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।