त्रिपुरा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार साहा और पार्टी के वरिष्ठ विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने टिपरा मोथा सुप्रीमो प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा के साथ बैठक की। इस दौरान विपक्षी नेता अनिमेष देबबर्मा भी उपस्थित रहे।
दरअसल, संसदीय चुनाव से कुछ महीने पहले की यह बैठक पिछले साल के विधानसभा चुनाव के बाद दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच पहली बातचीत है, जिसके दौरान टिपरा मोथा और कांग्रेस दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था।
दिल्ली जाने का है कार्यक्रम
पत्रकारों से बात करते हुए देबबर्मा ने कहा, 'तय हुआ है कि वे आज की बैठक के नतीजे से पार्टी आलाकमान को अवगत कराएंगे। साथ ही हम भविष्य की कार्रवाई तय करने के लिए अपनी पार्टी की बैठक में इस पर चर्चा भी करेंगे।'
देबबर्मा ने आगे बताया, 'आज हमारे कार्यालय में पीसीसी अध्यक्ष आशीष कुमार साहा और पार्टी के वरिष्ठ विधायक सुदीप रॉय बर्मन के साथ हमारी बैठक हुई। पीसीसी प्रमुख का लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में भाग लेने के लिए शनिवार को दिल्ली जाने का कार्यक्रम है।'
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा, 'यह निर्णय लिया गया है कि वे आज की बैठक के नतीजे के बारे में पार्टी आलाकमान को सूचित करेंगे और हम भविष्य की कार्रवाई तय करने के लिए अपनी पार्टी की बैठक में इस पर चर्चा भी करेंगे।'
कांग्रेस के एतिहासिक योगदान को स्वीकारा
देबबर्मा ने स्वदेशी लोगों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) की स्थापना में कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, 'पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कारण हमारे पास टीटीएएडीसी है और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कारण एसटी के लिए तीन अतिरिक्त आरक्षित सीटें हैं। कांग्रेस राज्य के मूल लोगों के सामने आने वाले मुद्दों को समझती है।'
वहीं आशीष कुमार साहा ने कहा 'हमने आदिवासी लोगों की समस्याओं से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की और टिपरा मोथा सुप्रीमो और विपक्षी नेता के साथ बैठक के दौरान विकास संबंधी चिंताओं को भी संबोधित किया। आज की बैठक के नतीजों से पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी को अवगत कराया जाएगा, जो कल दिल्ली में होने वाली है और उसके अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।'