त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब अपने विवादास्पद बयानों को लेकर सुर्खियों में बने ही रहते हैं। उनका नया बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके भाइयों को लेकर आया है। देब ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी का एक भाई ऑटो चलाता है और दूसरा किराना की दुकान चलाता है।
बिप्लब देब सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठ पर मनाए जा रहे पराक्रम पर्व पर अगरतला में कई शहीदों के परिवार वालों से मिलने पहुंचे जहां उन्होंने लोगों से बात भी की। एक सभा में बातचीत के दौरान वह बंगाली में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की मां बूढ़ी है लेकिन प्रधानमंत्री उन्हें भी अपने साथ नहीं रखते हैं। उनका एक भाई है जो ऑटो चलाता है।
प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए देब ने कहा- आपने कभी ऐसा प्रधानमंत्री देखा है जिसका परिवार आज भी पुराने हालात में ही जीवन यापन करने पर मजबूर है। मोदी पिछले चार सालों से देश के प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री बनने से पहले 13 सालों तक वह प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे लेकिन आज भी उनका परिवार वहीं है जहां पहले रह रहा था। उनकी मां आज भी एक 10x12 के छोटे से घर में रह रहीं हैं।
क्या कोई प्रधानमंत्री इस तरह से काम करता है। उन्होंने कहा कि वह खुद भी एक गरीब परिवार से आते हैं और उनका खुद से वादा है कि वह आने वाले तीन सालों में त्रिपुरा को एक मॉडल राज्य बना कर रहेंगे। पराक्रम पर्व के मौके पर बिप्लब देब ने कई शहीदों के परिवार वालों से भी मुलाकात की।