पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा के टाकारजला विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को सत्तारूढ़ माकपा व इंडीजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प में दो पुलिसकर्मियों समेत कम से कम आठ लोग घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप दे ने बताया कि माकपा उम्मीदवार रमेंद्र देबबर्मा के टाकारजला विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान आईपीएफटी के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर पथराव किया और लाठियां भांजी। आईपीएफटी के हमले के बाद माकपाइयों ने भी जवाबी हमला किया।
इसमें दो पुलिसवालों समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इस दौरान घायल पुलिसकर्मियों को देखने के लिए पश्चिम त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक केवी श्रीजेश अस्पताल गए।