महाराष्ट्र में स्थित शनि शिंगणापुर के प्रसिद्ध शनि मंदिर में महिलाओं के प्रवेश की मांग को लेकर चर्चा में आई भूमाता ब्रिगेड की अध्यक्ष तृप्ति देसाई शुक्रवार को नासिक के त्र्यंबकेश्वर मंदिर पहुंच गई। प्रतिबंध के बावजूद उन्होंने त्र्यंबकेश्वर मंदिर में प्रवेश किया और पूजा की। हालांकि बाद में पुलिस ने तृप्ति को हिरासत में ले लिया।
तृप्ति के मंदिर परिसर में पहुंचने पर स्थानीय महिलाओं ने उनके विरोध में नारेबाजी की। हालांकि इससे पहले ही तृप्ति मंदिर में प्रवेश कर गई थीं। उस समय मंदिर में भगवान त्र्यंबकेश्वर को नैवेद्य चढ़ाया जा रहा था। इसलिए मंदिर के गर्भगृह का पट बंद था, जिसकी वजह से उन्हें गर्भगृह के बाहर ही पूजा अभिषेक कर मंदिर से बाहर आना पड़ा।
बाहर आने पर तृप्ति ने कहा कि मैंने भगवान शिव की पूजा की और कामना की है कि मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर लगा प्रतिबंध खत्म हो।