टीएमसी सांसद प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान
- फोटो : ANI
तृणमूल कांग्रेस के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपकर आग्रह किया कि पश्चिम बंगाल का नाम बदलने के लिए कदम उठाए जाएं। यह मांग केंद्र सरकार के पास लंबित है।
लोकसभा सांसद सुदीप बंदोपाध्याय के नेतृत्व में 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि पश्चिम बंगाल का नाम बांग्ला करने के लिए विधेयक लेकर आएं।
राज्य का नाम बदलने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा केंद्र सरकार को लिखे गए सभी पत्र भी उन्होंने प्रधानमंत्री को सौंपे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री के समक्ष सार्वजनिक उपक्रमों में विनिवेश के मुद्दे को भी उठाया।
राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर राय ने भी बुधवार को शून्यकाल के दौरान राज्य का नाम बदलने के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि कोई भी भौगोलिक क्षेत्र कभी भी पूर्वी बंगाल के नाम से नहीं जाना जाता था। बांग्ला शब्द या बांग्ला क्षेत्र का अर्थ है ऐसे समझा जाता है कि बंगा से निकला है। यह द्रविड़ जनजाति थी जो एक हजार ईसा पूर्व से इस क्षेत्र में बस गई थी।