केरल के वायनाड जिले में एक आदिवासी व्यक्ति को कार से करीब आधा किलोमीटर दूर तक घसीटे जाने का मामला सामने आया है। उसकी पहचान चेम्माडू बस्ती निवासी मथन (49) के रूप में हुई है। उसके हाथ, कूल्हे और पैर में चोटें आई हैं।
रविवार शाम की घटना
पुलिस ने सोमवार को बताया कि घटना रविवार की शाम मनंतवाड़ी के कूडल कदावु में एक चेक डैम के पास घटी। कार सवार लोग चेक डैम देखने के लिए यहां पर्यटक के रूप में पहुंचे थे। तभी पर्यटकों के दो गुटों के बीच कुछ बहस हो गई थी। इसी दौरान मथन सहित स्थानीय लोगों ने मामले में हस्तक्षेप करने की कोशिश की, इसी बीच आदिवासी व्यक्ति मथन की अंगुली कार के दरवाजे में फंस गई। लेकिन कार सवार लोगों ने कार को नहीं रोका, बल्कि उसे आधा किलोमीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गए।
चार लोग फरार
मंगलवार को इसकी फुटेज सामने आई है। घटना के बाद से कार सवार चार लोग फरार हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित को जिस कार से घसीटा, वह केरल में पंजीकृत है। इस संबंध में पुलिस ने बीएनएस की धारा 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सख्त कदम उठाने की मांग
राज्य के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग मंत्री ओआर केलू ने सोमवार को घटना की कड़ी निंदा की और जिला पुलिस प्रमुख को दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासी युवकों पर हमले को बहुत गंभीर मान रही है तथा दोषियों का पता लगाने तथा उन्हें सजा दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
ठाणे में शख्स को कार के बोनट पर घसीटा, हाउसिंग सोसायटी के चेयरमैन घायल; एक पर केस दर्ज
वहीं, महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक हाउसिंग सोसाइटी के चेयरमैन को विवाद के बाद कथित तौर पर कार के बोनट पर घसीटा गया और उन्हें चोटें आईं है। मामले में पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना शिलफाटा इलाके के पडले गांव में हुई।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस
उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना) और 125(ए)(3) (दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
सोसाइटी में लिफ्ट में खराबी को लेकर चल रही थी बहस
अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सोसाइटी में लिफ्ट में खराबी को लेकर कथित आरोपी, लिफ्ट ठेकेदार और पीड़ित के बीच बैठक चल रही थी। इस दौरान आरोपी अचानक बैठक छोड़कर अपनी कार में आगे बढ़ रहा था, तभी पीड़ित ने उसे रोकने की कोशिश की और कार के न रुकने पर वो बोनट पर कूद गया। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पीड़ित को कुछ दूर तक बोनट पर घसीटा गया, जिसके बाद वह गिर गया और उसे चोटें आईं। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।