भारतीय दूरसंचार नियामक (ट्राई) ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टीवी चैनल चयनकर्ता वेब पोर्टल लॉन्च किया है। यह उन उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद हैं जो स्मार्ट फोन की कमी के कारण चैनल सेलेक्टर एप का उपयोग करने में असमर्थ थे। चैनल चयनकर्ता ग्राहकों को अपने सब्सक्रिप्शन की जांच करने, उनके डीटीएच/केबल ऑपरेटर द्वारा मुहैया कराए गए सभी चैनल को देखने की सुविधा देता है।
उपभोक्ता इसके जरिए अपना मनपसंद चैनल चुन सकते हैं और अवांछित चैनल हटा सकते हैं। उन्हें एक ही कीमत में या कम कीमत में चैनलों / गुलदस्ते का सर्वोत्तम संयोजन मिल सकेगा। एप उपयोगकर्ताओं को मौजूदा सदस्यता को संशोधित करने और उनके सदस्यता अनुरोध की वास्तविक समय स्थिति की जांच करने की अनुमति देता है।
टीवी चैनल सिलेक्टर एप को पिछले साल 25 जून को शुरू किया या था। इसके जरिए उपयोगकर्ता अपने सब्सक्रिप्शन में बदलाव कर सकते थे और अपने मनपसंद चैनल का भी चुनाव कर सकते थे। बाद में देखा गया कि उपयोगकर्ताओं को इसमें मुश्किलें आ रही थीं। इन असुविधाओं को दूर करने के मकसद से ही ट्राई ने नया टीवी चैनल सिलेक्टर वेब पोर्टल शुरू किया है। इसमें उपभोक्ताओं के अधिकतम हितों का ध्यान रखा गया है। इसमें पहले से मौजूद एप की सारी सुविधाएं होंगी। इसमें उपभोक्ता अपनी प्रतिक्रिया भी दे सकेंगे। फिलहाल यह 16 डीटीएच और केबल ऑपरेटर्स तक ही सीमित है जिसे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।