अमेरिकी राजदूत द्वारा आयोजित एक स्वागत समारोह में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और अमेरिका के रिश्तों के साथ क्रिकेट को जोड़ते हुए हल्के मजाकिया अंदाज में एक टिप्पणी की। उन्होंने टी20 मुकाबले का जिक्र किया जिसमें अमेरिकी टीम भारत से हार गई थी। गोयल ने कहा कि हार के बावजूद अमेरिकी टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने मंच से कहा कि अमेरिका ने मैच करीब 18 प्रतिशत अंतर से गंवाया। इसी संदर्भ में उन्होंने मजाक करते हुए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से कहा कि अगर पारस्परिक टैरिफ शून्य कर दिए जाते तो शायद अमेरिका यह मैच जीत जाता। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस टिप्पणी पर जमकर ठहाके लगाए।
गोयल ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि अमेरिका में क्रिकेट अभी नया खेल है, फिर भी टीम ने मजबूत खेल दिखाया। उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को मजबूत करने में राजदूत की भूमिका की सराहना की। उन्होंने हाल के व्यापार ढांचे का भी जिक्र किया जिसमें भारतीय निर्यात पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे भारत को चीन, पाकिस्तान, बांग्लादेश और वियतनाम जैसे देशों के मुकाबले बढ़त मिली है। पूरा कार्यक्रम दोस्ताना माहौल में हुआ जहां व्यापार और खेल दोनों पर बातचीत देखने को मिली।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत-अमेरिका के बीच हुआ व्यापार समझौता अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के सहयोग के बिना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रयास में सर्जियो गोर की व्यक्तिगत रूप से अहम भूमिका रही।
गोयल ने कहा, 'मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि उनके (अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर) समर्थन और पूरी प्रक्रिया में उनके व्यक्तिगत नेतृत्व के बिना यह व्यापार समझौता संभव नहीं होता। अमेरिका और भारत के बीच इस बंधन को और मजबूत करने के लिए आपने जो कुछ भी किया है, उसके लिए सर्जियो, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।' यह बयान उन्होंने अमेरिकी राजदूत गोर के आवास पर आयोजित स्वागत समारोह में दिया।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने क्या कहा?
वहीं, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि व्हाइट हाउस भारत पर फोकस कर रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रंप) भी भारत को अहमियत दे रहे हैं। सर्जियो गोर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी की दोस्ती के कारण ही यह व्यापार समझौता संभव हो सका।
वैष्णव ने भी की सर्जियो गोर से मुलाकात की
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी सर्जियो गोर के साथ मुलाकात की। इस दौरान सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पर ध्यान केंद्रित करते हुए दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
गोर से मुलाकात पर क्या बोले वैष्णव
- अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस मुलाकात की फोटो साझा करने के साथ लिखा कि वह इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में अमेरिका की मजबूत भागीदारी की उम्मीद करते हैं।
- उन्होंने लिखा, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ अच्छी मुलाकात हुई। सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और आपूर्ति शृंखला के लचीलेपन पर ध्यान केंद्रित करते हुए रणनीतिक संबंध मजबूत करने पर चर्चा की।
ये भी पढ़ें:
'अगर संसद में चर्चा नहीं हुई, तो विपक्ष को होगा नुकसान', रिजिजू ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इंडिया एआई समिट से पहले मुलाकात
यह मुलाकात भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते के कुछ ही दिनों बाद और इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट से पहले हुई है। नई दिल्ली में यह समिट 16 से 20 फरवरी तक होने वाली है। यह अब तक आयोजित चार वैश्विक एआई समिट में सबसे बड़ी होगी। यह कार्यक्रम पहले से ही खासी सुर्खियों हासिल कर चुका है, जो जिम्मेदार, समावेशी और प्रभाव-आधारित एआई पर बढ़ते अंतरराष्ट्रीय फोकस के साथ-साथ वैश्विक एआई नैरेटिव को आकार देने में भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाएगा।