शिवपुरी के पिछोर विकासखंड के खनियाधाना कस्बे से रतनगढ़ माता मंदिर ज्वारे लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 35 अन्य घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसा उस समय हुआ जब चलते ट्रैक्टर में चालक ने साथी से सीट की अदला-बदली कर रहा था तभी उसका नियंत्रण हट गया जिससे अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई।
मिली जानकारी के अनुसार खनियाधाना थाना क्षेत्र के कुजवाहा गांव के रहने वाले कुछ लोग एक ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर तड़के ही गांव से धार्मिक आयोजन में स्थापित किए गए ज्वारे को सिराने के लिए रतनगढ़ माता मंदिर के लिए जा रहे थे।
ट्रैक्टर ट्राली दिनारा थाना क्षेत्र के डाबरा गांव के पास पहुंची ही थी तभी ट्रैक्टर चालक ने अपने साथी के साथ चलते ट्रैक्टर में ही चालक सीट पर अदला-बदली की। इसी बीच ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में जाकर पलट गई। हादसे के बाद लोगों में चीख पुकार मच गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोगों की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने करीब तीन दर्जन घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। मृतकों राजकुमारी, रवींद्र, मनीराम, रामोदी, मनोज, हरनाम, खुमाना एवं आशीष शामिल हैं।