नगालैंड में जारी सियासी उठा-पटक के बीच टीआर जेलियांग को बुधवार को सीएम पद की शपथ दिलाई गई। गर्वनर ने उन्हें 22 जुलाई तक बहुमत साबित करने के लिए समय दिया है। इसके साथ ही वो राज्य के 19वें मुख्यमंत्री बनाए गए।
TR Zeliang sworn in as the new Chief Minister of #Nagaland at Darbar Hall, Raj Bhavan in Kohima. pic.twitter.com/ldyLVqmwUB
— ANI (@ANI_news) July 19, 2017
बता दें कि राज्यपाल ने टीआर जेलियांग को राज्य का नया मुख्यमंत्री घोषित पहले ही कर दिया था। उन्होंने जेलियांग को 22 जुलाई तक फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित करने का समय दिया था। इससे पहले सीएम एस लेजित्सु ने शक्ति परिक्षण में शामिल होने से मना कर दिया था। जिसके बाद विधानसभा को अनिश्चित काल के लिए टाल दिया गया ।
गौरतलब है कि नागालैंड के राज्यपाल पीबी आचार्य के निर्देश के मुताबिक 19 जुलाई की सुबह 9:30 पर सभी विधायक नागालैंड की विधानसभा में शक्ति परिक्षण के लिए एकट्ठा होना था। मौजूदा मुख्यमंत्री एस. लेजित्सु को अपनी सरकार बचाने के लिए किए जा रहे शक्ति परिक्षण में विश्वासमत हासिल करना था। लेकिन शक्ति परिक्षण शुरू होने के कुछ देर पहले ही उन्होंने इसमें भाग लेने से इनकार कर दिया। जिसके बाद विधानसभा को अनिश्चित काल के टाल दिया गया।
मालूम हो कि पूर्व मुख्यमंत्री टीआर जेलियांग ने हाल में 60 सदस्यीय विधानसभा में 41 सदस्यों के समर्थन का दावा करते हुए राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उसके बाद राज्यपाल ने मुख्यमंत्री लेजित्सु को 15 जुलाई या उससे पहले सदन में विश्वासमत हासिल करने का निर्देश दिया था। लेजित्सु ने राज्यपाल के इस निर्देश को अवैध, असंवैधानिक और एकतरफा करार देते हुए बीते शुक्रवार को हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की जिसमें राज्यपाल के इस फैसले पर रोक लगाने की मांग की थी। उसी याचिका की सुनवाई के बाद अदालत ने उक्त फैसला सुनाया।