जल्द ही केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय भी विदेश मंत्रालय की तर्ज पर ट्विटर के जरिए पर्यटकों की समस्याओं का समाधान करेगा। पर्यटन मंत्रालय के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि इसके लिए पूरी तरह शिकायतों के लिए ही समर्पित ट्विटर हैंडल लांच करने की योजना बनाई गई है, जिस पर पर्यटकों के समस्या ट्वीट करने पर तत्काल समाधान उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह सुविधा खासतौर पर विदेशी पर्यटकों को ध्यान में रख शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने इस सप्ताह की शुरुआत में ट्विटर के अधिकारियों के साथ एक बैठक की थी। बैठक में मंत्री ने पर्यटकों की शिकायतों का समाधान करने के लिए पर्यटन मंत्रालय का एक समर्पित तंत्र अपनी सोशल साइट पर बनाने का आग्रह ट्विटर के अधिकारियों से किया था। सूत्रों का कहना है कि पर्यटन मंत्री विदेश मंत्रालय की तरफ से 2016 में शुरू की गई ट्विटर सेवा सर्विस का हूबहू मॉडल अपने मंत्रालय में भी लागू करना चाहते हैं।
इसका मकसद अपने शिकायत निवारण तंत्र को केंद्रित और त्वरित कार्रवाई वाला बनाना है। इसके लिए मंत्रालय ट्विटर की सलाह पर खास सेल भी गठित कर रहा है, जो पूरी तरह ट्विटर हैंडल के जरिए आने वाली शिकायतों को तय समय में निपटाने के लिए समर्पित होगा। फिलहाल पर्यटकों को मंत्रालय के टोल फ्री फोन नंबर पर शिकायत दर्ज करानी पड़ती है, जो 24 घंटे काम करता है।