1-पुलिस से भिड़े ‘बेटी के सम्मान’ में सड़कों पर उतरे भाजपाई
2-क्या कांग्रेस की बस पहुंचाएगी उसे यूपी की सत्ता तक?
3-दयाशंकर के परिवार को मिलेगी सुरक्षा, पत्नी बोली, मायावती पर लगे पॉक्सो एक्ट
4-जम्मू कश्मीर: पीडीपी मंत्री की पत्नी ने महबूबा से मांगा इस्तीफा
5-सनी लियोनी ने किया राष्ट्रगान का अपमान, थाने में शिकायत दर्ज
बसपा नेताओं की अभद्रता के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजपाइयों की लखनऊ के हजरतगंज इलाके पर पुलिस से जबरदस्त धक्का-मुक्की हुई। भाजपाई मुख्यमंत्री आवास घेरने जा रहे थे, रास्ते में उन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो दोनों पक्षों में जमकर भिड़ंत हुई। बता दें कि बीते दिनों निष्कासित नेता दयाशंकर ने मायावती को अपशब्द कहे थे। इस घटना के विरोध स्वरूप बसपा नेताओं ने लखनऊ में दयाशंकर और उनके परिवार के खिलाफ अपशब्द कहे और जमकर हंगामा किया।
यूपी के 27 बसंत कांग्रेस के लिए पतझड़ ही साबित हुए और अर्से से सूबे की सत्ता की गद्दी पर काबिज होने की ख्वाहिश कांग्रेस मन ही मन जी रही है। आने वाले विधान सभा चुनाव में हर हाल में वापसी करने के लिए कांग्रेस ने अभी से कमर कस ली है। अपने सीएम चेहरे को घोषित कर कांग्रेस ने अब दिल्ली से लखनऊ और कानपुर तक की बस यात्रा शुरू की है।
आईजी सतीश गणेश ने एसएसपी को स्वाति सिंह की अपील पर सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि बसपा के प्रदर्शन के बाद बीजेपी से निष्काषित नेता दयाशंकर की पत्नी स्वाति सिंह ने अपने परिवार पर खतरे की आशंका जताकर सुरक्षा का मांग की थी। वहीं स्वाति सिंह का ये भी कहना है कि वह चाहती हैं कि मायावती और नसीमुद्दीन पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई हो।
कश्मीर में हिंसा को लेकर पहले ही विपक्षी पार्टियों का विरोध झेल से रही महबूबा मुफ्ती के सामने एक और मुश्किल खड़ी हो गई है। जम्मू कश्मीर सरकार के वित्त मंत्री हसीब द्रबू की पत्नी रूही नाजकी ने महबूबा सरकार का विरोध करते हुए कहा है कि महबूबा मुफ्ती से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने फेसबुक पर लिखी पोस्ट में कहा कि, प्रदर्शनकारियों पर सरकार की कार्रवाई को ‘अनैतिक, अधर्म, दुखद और गलत’ बताते हुए कहा कि कश्मीर में पिछले चौदह दिन से जो कुछ हो रहा है वह बहुत बुरा है। बच्चों की नृशंस हत्या, प्रदर्शनों पर आपराधिक कार्रवाई व अपंग करना और पूरी आबादी को शर्मनाक रूप से बंद कर देना गलत है।
प्रो-कबड्डी के लीग मैच के मौके पर राष्ट्रगान गाना अभिनेत्री सनी लियोनी को भारी पड़ सकता है। दिल्ली के न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।बता दें कि मुंबई में प्रो कबड्डी के लीग मैच के मौके पर बृहस्पतिवार रात को उन्होंने राष्ट्रगान गाया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि राष्ट्रगान गाते हुए उन्होंने कई शब्दों का उच्चारण ठीक से नहीं किया जो राष्ट्रगान का अपमान है।