फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

TOP News: आज से होने वाली ट्रेड डील पर वार्ता टली; टी-20 वर्ल्डकप में भारत की सबसे बड़ी हार, पढ़ें सुर्खियां

Mon, 23 Feb 2026 05:43 AM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर फिलहाल ब्रेक लग गया है, क्योंकि नए टैरिफ विवाद के बीच अहम बैठक टाल दी गई है। वहीं टी20 विश्व कप में 12 मैचों बाद भारत को हार का सामना करना पड़ा और दक्षिण अफ्रीका ने 76 रनों से हराकर सेमीफाइनल की राह मुश्किल कर दी। उधर राज्यसभा चुनाव में शरद पवार को कांग्रेस का समर्थन मिलने से एमवीए में एकजुटता बढ़ी है। इसी बीच उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है और मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बढ़ने लगा है, इस सप्ताह पारा और चढ़ने के आसार हैं। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
विज्ञापन

 

भारत अमेरिका व्यापार समझौता (प्रतीकात्मक) - फोटो : एडॉब स्टॉक

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर लगा ब्रेक!
भारत और अमेरिका के बीच होने वाली अंतरिम व्यापार समझौते (ट्रेड डील) पर बातचीत फिलहाल टल गई है। दोनों देशों के मुख्य वार्ताकारों की जो अहम बैठक 23 फरवरी से वॉशिंगटन में शुरू होने वाली थी, उसे अब आगे की तारीख के लिए टाल दिया गया है। इस बैठक में भारत की ओर से वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव दर्पण जैन मुख्य वार्ताकार थे और भारतीय टीम तीन दिन तक अमेरिका में चर्चा करने वाली थी। इस बैठक का मकसद अंतरिम व्यापार समझौते के कानूनी दस्तावेज को अंतिम रूप देना था। 

तेजस लड़ाकू विमान - फोटो : ANI
तेजस फाइटर विमान क्रैश, पायलट सुरक्षित
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से सामने आई जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना (IAF) का एक तेजस हल्का लड़ाकू विमान 7 फरवरी को एक फ्रंटलाइन एयरबेस पर लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया। प्रारंभिक आशंका ब्रेक फेल होने की जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, विमान के एयरफ्रेम को गंभीर क्षति पहुंची, हालांकि पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर अपनी जान बचा ली। बताया जा रहा है कि विमान प्रशिक्षण उड़ान पूरी कर बेस पर लौट रहा था। इस घटना पर अब तक वायुसेना की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - फोटो : PTI
T20 World Cup: 12 मैचों के बाद हारा भारत, सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल
गत चैंपियन भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 में पहली हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने सुपर आठ चरण में भारत का विजयी अभियान रोका और उसके लिए सेमीफाइनल की राह कठिन कर दी। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में भारत की बल्लेबाजी काफी खराब रही और टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने यह मुकाबला 76 रनों से अपने नाम किया। पढ़ें एक क्लिक पर...

शरद पवार, एनसीपी-एसपी प्रमुख - फोटो : PTI
राज्यसभा चुनाव: पवार के छह दशक की सियासी यात्रा पर नहीं लगेगा विराम
एनसीपी (एसपी) के मुखिया शरद पवार की छह दशक की संसदीय और सियासी यात्रा जारी रहने के अनुमान हैं। राज्यसभा में उनकी उम्मीदवारी के सवाल पर महाविकास अघाड़ी (एमवीए) में सहमति बनती दिखाई दे रही है। कांग्रेस ने उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने का फैसला किया है, जबकि अब तक अपना उम्मीदवार खड़ा करने की बात करनी वाली शिवसेना (यूबीटी) में भी पवार का नाम सामने आने के बाद नए सिरे से मंथन का दौर शुरू हुआ है। गौरतलब है कि राज्य में राज्यसभा की सात सीटों में से विपक्षी एमवीए को पूर्ण एकजुटता की शर्त पूरी करने के बाद ही इकलौती सीट हासिल होगी। पढ़ें पूरी खबर...

डोनाल्ड ट्रंप और अली खामेनेई - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
अमेरिका-ईरान के बीच जेनेवा में गुरुवार को होगी परमाणु वार्ता
अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता का अगला दौर गुरुवार को जेनेवा में होगा। ओमान के विदेश मंत्री बदर अल-बुसैदी ने रविवार को इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि वार्ता को अंतिम समझौते की दिशा में सकारात्मक पहल माना जा रहा है। ईरान के वरिष्ठ कूटनीतिज्ञ अब्बास अराघची ने भी उम्मीद जताई कि गुरुवार को अमेरिकी प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ से मुलाकात होगी और राजनयिक समाधान की अच्छी संभावना बनी हुई है। पढ़ें पूरी खबर...

मौसम में परिर्वतन आ रहा है। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
उत्तर-पश्चिम में फिर बदला मौसम का मिजाज
उत्तर-पश्चिम भारत में एक बार फिर मौसम बदला है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की चोटियों पर जहां बारिश और बर्फबारी हो रही है, वहां जम्मू-कश्मीर में पारा चढ़ने से दिन में तेज गर्मी पड़ रही है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी तापमान में लगातार वृद्धि हो रही और इसकी वजह से ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह तापमान में वृद्धि की संभावना जताई है। पढ़ें एक क्लिक पर...

डोनाल्ड ट्रंप, मार-ए-लागो - फोटो : आईएएनएस/एएनआई
ट्रंप के घर मार-ए-लागो की सुरक्षा में चूक
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो के सुरक्षा घेरे में एक हथियारबंद व्यक्ति ने प्रवेश किया, जिसे गोली मारकर ढेर कर दिया गया। अमेरिका की गोपनीय सेवा (सीक्रेट सर्विस) ने इसकी पुष्टि की। एसोसिएटेड प्रेस ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। पढ़ें पूरी खबर...

महाराष्ट्र विधानसभा - फोटो : ANI
महाराष्ट्र बजट सत्र आज से शुरू: पहली बार बिना LoP के चलेगा विधानमंडल
महाराष्ट्र विधानसभा का सोमवार से शुरू होने वाला बजट सत्र राज्य के इतिहास में पहला ऐसा सत्र होगा जिसमें विधानसभा और विधान परिषद दोनों में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) नहीं होगा। यह स्थिति 2024 के विधानसभा चुनावों के बाद बनी रही है, जब किसी भी विपक्षी दल ने नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) की मान्यता के लिए आवश्यक 10 प्रतिशत सीटें हासिल नहीं कीं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा यह निर्णय विधानसभा अध्यक्ष और परिषद अध्यक्ष का अधिकार है। मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता। पढ़ें एक क्लिक पर...

हबल ने खोजी 99% डार्क मैटर से बनी घोस्ट गैलेक्सी - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
उपलब्धि: हबल ने खोजी 99% डार्क मैटर से बनी घोस्ट गैलेक्सी
नासा के हबल स्पेस टेलीस्कोप की मदद से खगोलविदों ने अब तक की सबसे रहस्यमयी आकाशगंगाओं में से एक  लगभग पूरी तरह डार्क मैटर से बनी घोस्ट गैलेक्सी सीडीजी-2 का पता लगाया है। पृथ्वी से करीब 300 मिलियन प्रकाश-वर्ष दूर पर्सियस गैलेक्सी क्लस्टर में स्थित यह बेहद धुंधली आकाशगंगा सामान्य तारों से नहीं, बल्कि चार सघन ग्लोब्युलर क्लस्टर्स के जरिए पहचानी गई। शुरुआती आकलन बताते हैं कि सीडीजी-2 की कुल द्रव्यमान का लगभग 99 प्रतिशत हिस्सा डार्क मैटर है। इस खोज का विवरण द एस्ट्रोफिजिकल जर्नल लेटर्स में प्रकाशित हुआ है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

फिल्म 'बूंग', 'सिनर्स' और 'वन बैटल आफ्टर अनदर' - फोटो : एक्स (ट्विटर)
BAFTA 2026: बाफ्टा जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म बनी ‘बूंग’; देखें अवॉर्ड्स की लिस्ट
बाफ्टा अवॉर्ड में हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स तक नजर आए। आलिया भट्ट इस अवॉर्ड फंक्शन में बतौर प्रेजेंटर शामिल हुईं। वहीं फरहान अख्तर प्रोड्यूस मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने बाफ्टा अवॉर्ड जीता। ‘बूंग’ ने चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड जीता। हमारी भारतीय फिल्म के अलावा कई और फिल्मों ने भी बाफ्टा अवॉर्ड जीते हैं। यहां देखें, अवॉर्ड्स की लिस्ट। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें