तकनीकी सुधार के लिए रेलवे ने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) को बंद करने का निर्णय लिया है। 9 मार्च की देर रात 11.45 बजे से 1:50 बजे तक पीआरएस पूछताछ सुविधा को बंद रखा जाएगा। इस दौरान रेलवे संबंधी सभी तरह की कंप्यूटरीकृत पूछताछ सेवा प्रभावित होगी।
रविवार की देर रात करीब 2 घंटा 5 मिनट तक रेलवे से संबंधित कार्यों में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान आईवीआरएस/टच स्क्रीन, कॉल सेंटर (टेलीफोन नंबर-139) के माध्यम से भी किसी तरह की ट्रेनों से संबंधित जानकारी नहीं मिलेगी। साथ ही कंप्यूटर द्वारा चालू आरक्षण बुकिंग का कामकाज भी बंद रहेगा। इस दौरान न तो यात्रा टिकट जारी होंगे और ना ही निरस्त किए जा सकेंगे। लिहाजा अगर आप रविवार को ट्रेन से यात्रा करने की सोच रहे हैं तो अपनी ट्रेन की जानकारी रात पौने बारह बजे के पहले कर लें।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 139 पूछताछ सेवा के साथ ही इस दौरान आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग भी नहीं होगी। रेलवे स्टेशन पर स्थित न तो डोरमेट्री की ऑनलाइन बुकिंग होगी और न ही रिटायरिंग रूम की। अपग्रेडेशन काम के लिए रेलवे की कंप्यूटरीकृत सेवा बंद की जाती है।