महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की तत्कालीन आयुक्त शैलजा दराडे को नौकरी देने के बहाने धोखाधड़ी के एक मामले में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया है। पुणे पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। धोखाधड़ी का मामला इस साल की शुरुआत में दर्ज किया गया था और जुलाई में राज्य सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया था।
हडपसर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि हमने शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने का वादा करके 44 लोगों को धोखा देने के आरोप में शैलजा दराडे को गिरफ्तार किया है। उन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता सांगली निवासी पोपट सूर्यवंशी हैं।
कोल्लम की कोर्ट में जमकर हंगामा
वहीं, एक अन्य मामले में कोल्लम जिला कलेक्टरेट में 2016 में हुए कम तीव्रता वाले आईईडी विस्फोट से संबंधित एक मामले में आरोपी चार लोगों ने सोमवार को यहां अदालत परिसर में जमकर हंगामा किया। चारों को सुनवाई के लिए लाया गया था। तमिलनाडु के मदुरै के रहने वाले अब्बास अली, करीम राजा, दाऊद सुलेमान और शमशुदीन को आंध्र प्रदेश की कडप्पा जेल से कोल्लम जिला अदालत लाया गया था। दोपहर को हुए हंगामे में आरोपियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया और हथकड़ी से खिड़की के शीशे तोड़ दिए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुद को बेस मूवमेंट नाम के संगठन का सदस्य बताते हुए आरोपियों ने न्यायाधीश से मिलने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। केरल पुलिस के अधिकारियों और आंध्र प्रदेश की विशेष टीम ने जल्द ही उन्हें हिरासत में ले लिया और परिसर से बाहर ले गए। 2016 के विस्फोट मामले में एक व्यक्ति घायल हो गया था। इसे लेकर आज से सुनवाई शुरू होने वाली थी। मामला 15 जून 2016 का है।
सतारा की कोर्ट परिसर में तीन आरोपियों पर गोलीबारी
महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत आरोपित तीन लोगों पर सोमवार को सतारा जिले के वाई में एक अदालत के परिसर में गोलियां बरसाई गईं। हालांकि, वे सुरक्षित बच गए। घटना दोपहर में अदालत परिसर के बरामदे में हुई।
जानकारी के मुताबिक, एक होटल मालिक से जबरन वसूली के आरोप में 15 आरोपियों में से तीन आरोपियों को दिन में अदालत में पेश किया गया। जब तीनों अदालत कक्ष के बाहर बरामदे में इंतजार कर रहे थे, तो एक व्यक्ति ने उन पर दो गोलियां चलाईं। पुलिसकर्मियों ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया जिसने दो राउंड गोलियां चलाईं, जो दीवार और फर्श पर लगीं। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और जबरन वसूली मामले में शिकायतकर्ता के रूप में उसकी पहचान की गई है।