गुजरात के सूरत शहर में जाली नोट बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया गया है। इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस के मुताबिक यह फैक्टरी कपड़ों की ऑनलाइन बिक्री करने वाले एक स्टोर के कार्यालय में चल रही थी। पुलिस उपायुक्त राजदीप नकुम ने कहा कि आरोपी कथित तौर पर वेब सीरीज 'फर्जी' से प्रेरित थे। वेब सीरीज 'फर्जी' में एक छोटे-मोटे ठग को दिखाया गया है, जो नकली नोट बनाकर अमीर बन जाता है। सूरत पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के अधिकारियों ने शनिवार को सरथाणा इलाके में कार्यालय पर छापा मारा और 1.20 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
मवेशी तस्करी मामले में TMC के अनुब्रत मंडल को जमानत
श्रीलंकाई नौसेना ने 37 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया
श्रीलंकाई नौसेना ने एक बार फिर शनिवार को 37 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी तीन नावों को जब्त कर लिया। तमिलनाडु के इन मछुआरों पर जलीय सीमा का उल्लंघन कर मछली पकड़ने का आरोप लगाया गया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर यह जानकारी दी और उनकी रिहाई के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की। अपने पत्र में स्टालिन ने लिखा कि तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी के ऐसे मामले लगातार बढ़ रहे हैं। वे (मुछआरे) जब भी अपने पारंपरिक मछली पकड़ने के काम पर जाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है। इसके अलावा, श्रीलंका की अदालतें ऐसे दंड लगा रही हैं, जो इन मछुआरों की पहुंच से बाहर हैं। मुख्यमंत्री ने अनुरोध करते हुए कहा कि केंद्र को चाहिए कि वे श्रीलंकाई अधिकारियों को मछुआरों की गिरफ्तारी और उनकी नौकाओं को जब्त करने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाए।
किसान संवाद का आगाज करेंगे शिवराज
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार से किसान संवाद का आगाज करेंगे। इसके तहत वह कई किसान संगठनों से मिलकर उनकी समस्याओं के समाधान पर चर्चा करेंगे। केंद्रीय मंत्री ने 100 दिनों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, कृषक संगठन उनसे समय लेकर मिलने आ सकते हैं, ताकि उनकी समस्याओं का निवारण किया जा सके। इस क्रम में पहला संवाद दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है।
रेस्तरां मालिक से मारपीट में आप विधायक सहित 20 पर केस दर्ज
गुजरात के नर्मदा जिले में एक रेस्तरां मालिक से मारपीट के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) के एक विधायक सहित 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर की रात आप विधायक चैतर वसावा ने समर्थकों संग रेस्तरां में खाना खाया और बगैर बिल चुकाए चले गए। रेस्तरां मालिक शांतिलाल ने जब मोबाइल पर पैसे मांगे तो विधायक 20 लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और मारपीट की।
ओडिशा: सेना अधिकारी को हिरासत में प्रताड़ित करने और मंगेतर पर यौन हमले की न्यायिक जांच के आदेश
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पुलिस थाने में सेना के एक अधिकारी को कथित तौर पर प्रताड़ित करने और उसकी मंगेतर पर यौन हमले के मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों या अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अपने उपमुख्यमंत्रियों केवी सिंह देव और प्रावती परिदा, राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी, कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद न्यायिक जांच के आदेश जारी किए।
वहीं चंदका रोड पर सैन्य अधिकारी और उसकी मंगेतर पर हमले के मामले में जिला अदालत ने सभी सात आरोपियों को जमानत दे दी। पुलिस ने 15 सितंबर को हुई घटना के बाद बृहस्पतिवार को सात लोगों को गिरफ्तार किया था। भुवनेश्वर के एडिशनल डीसीपी कृष्ण प्रसाद दास ने बताया कि उन्होंने बीएनएस की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान, हमने आरोपियों के पास से एक वाहन और 11 मोबाइल फोन बरामद किए। उनमें से सात को गिरफ्तार कर लिया गया।
जबलपुर-मुंबई गरीबरथ के डिब्बे में निकला सांप, अफरा-तफरी
जबलपुर-मुंबई गरीबरथ एक्सप्रेस के एक कोच में सांप निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह घटना रविवार सुबह महाराष्ट्र के कसारा स्टेशन के पास हुई। पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि अधिकारी वर्तमान में मध्य रेलवे के साथ संपर्क में हैं। वीडियो में बराबर वाली सीट के लोहे के हैंडल से एक सांप लटका हुआ दिखाई दे रहा है। सीपीआरओ ने कहा कि कसारा मार्ग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से विवरण जुटाया जा रहा है।
उदय भानु चिब बने भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष
कांग्रेस ने रविवार को श्रीनिवास बीवी की जगह उदय भानु चिब को भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। चिब अब तक आईवाईसी के महासचिव पद की जिम्मेदारी निभा रहे थे। वह जम्मू और कश्मीर प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तत्काल प्रभाव से उदय भानु चिब को भारतीय युवा कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी निवर्तमान अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी के योगदान की सराहना करती है।
भाजपा सांसद ने की अंडमान के एलजी को हटाने की मांग, लगाए कई आरोप
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के सांसद बिष्णु पद रे ने रविवार को उपराज्यपाल (एलजी) देवेंद्र कुमार जोशी पर विभिन्न विकास कार्यों में देरी करने का आरोप लगाया और उन्हें तत्काल हटाने की मांग की। रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए रे ने आरोप लगाया कि एलजी के अधीन स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और अन्य क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं। भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण किसानों को डायमोनियम फॉस्फेट उर्वरक नहीं मिल रहा है, जिसका उपयोग वे बुवाई से पहले करते हैं। रे ने कहा, 'प्रशासन ने भूमि का रूपांतरण रोक दिया है और अब मामला सुप्रीम कोर्ट में है।' उन्होंने दावा किया कि भूमि का पंजीकरण भी रोक दिया गया है, जिससे पर्यटन उद्योग प्रभावित हो रहा है। सांसद ने कहा, 'एलजी को तुरंत हटा दिया जाना चाहिए।' सांसद ने कहा कि वह इस मामले को संसद में उठाएंगे। उपराज्यपाल के कार्यालय ने आरोपों का जवाब नहीं दिया।
विहिप की बैठक में तिरुपति के प्रसाद पर पेश होगा प्रस्ताव
तिरुपति मंदिर के प्रसाद में जानवरों की चर्बी की मिलावट संबंधी रिपोर्ट से मची हलचल के बीच विश्व हिंदू परिषद की सोमवार को होने वाली मार्गदर्शक मंडल की बैठक में इस विषय पर गंभीर चर्चा होगी। पूरे मामले में संतों के द्वारा चर्चा के बाद बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। बैठक में विहिप ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने की मांग करेगा।
विहिप के प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि प्रसादम में चर्बी की खबर से संत समाज स्तब्ध है। ऐसे में जाहिर तौर पर बैठक में इस विषय पर गहन चर्चा होगी। मंदिर के प्रसाद पर उपजे विवाद पर विचार के बाद प्रस्ताव पेश और पारित किया जाएगा। विहिप के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंज बागड़ा ने कहा कि मार्गदर्शक मंडल की बैठक में हिंदू समाज से जुड़े सभी विषयों पर चर्चा होगी। पूरे दिन चलने वाली इस बैठक में तिरुपति प्रसाद विवाद के साथ ही लव जिहाद, धर्मांतरण सहित कई दूसरे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। प्रसाद विवाद के संदर्भ में भी संत समाज निर्णय लेगा। विहिप लिए गए निर्णय पर कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ेगी।
पूर्व सीएम जगन ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, कहा-देश आपकी ओर देख रहा, सच सामने लाया जाए
वाईएसआर कांग्रेस के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने लड्डू विवाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आठ पेज का एक पत्र लिखा। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू राजनीतिक लाभ के लिए करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने के लिए निचले स्तर पर उतर आए हैं। साथ ही, टीटीडी और उसकी परंपराओं की पवित्रता को भी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि इस समय पूरा देश आपकी ओर देख रहा है। यह बहुत जरूरी है कि नायडू को झूठ फैलाने के उनके बेशर्म कृत्य के लिए कड़ी से कड़ी फटकार लगाई जाए और सच्चाई सामने लाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह ध्यान रखना जरूरी है कि कथित रूप से मिलावटी घी को अस्वीकार कर दिया गया था और उसे टीटीडी के परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई थी।
Assam: चार बांग्लादेशी नागरिकों को दबोच वापस भेजा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को बताया कि बांग्लादेश के चार नागरिक अवैध तरीके से देश में घुसने रहे थे, जिन्हें करीमगंज के रास्ते वापस भेज दिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, 'बांग्लादेशी घुसपैठों को वापस भेजने में एक बार फिर सफल रहे। इन लोगों को करीमगंज सीमा के जरिए भेजा गया है।'
अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी देश में अशांति शुरू होने के बाद से देश में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में अब तक करीब 100 लोगों को पकड़ा जा चुका है। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश के प्रदर्शन के बाद बीएसएफ ने पूर्वोत्तर में 1,885 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है।
पुलिस महानिदेशक जी पी सिंह ने पहले कहा था कि असम पुलिस सीमा पर हाई अलर्ट पर है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति राज्य में अवैध रूप से प्रवेश न कर सके।
झारखंड में गड्ढे में फंसी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की कार
झारखंड के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की कार आज बहरागोड़ा में बारिश के बीच कीचड़ भरे गड्ढे में फंस गई। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री एक रैली में शामिल होने जा रहे थे।
'सेवा पखवाड़ा' के तहत ईसाई समुदाय ने प्रार्थना का किया आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 74वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में 'सेवा पखवाड़ा' के तहत, आज मुंबई के कोलाबा स्थित होली नेम हाई स्कूल में भारतीय अल्पसंख्यक फाउंडेशन (आईएमएफ) की तरफ से ईसाई समुदाय के साथ शांति और सद्भाव के लिए प्रार्थना का आयोजन किया गया।
प्रार्थना के बाद, ईसाई समुदाय के सदस्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' वृक्षारोपण अभियान के तहत होली नेम हाई स्कूल में वृक्षारोपण किया।
इस मौके पर बॉम्बे के आर्कबिशप कार्डिनल ओसवाल्ड ग्रेसियस ने कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण था। सेवा पखवाड़ा 2024 के एक हिस्से के रूप में, हमारे पास हमारे युवाओं को सृष्टि की देखभाल की आवश्यकता के प्रति जागरूक होने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित करने का एक कार्यक्रम था कि पृथ्वी के संसाधनों का बुद्धिमानी से उपयोग किया जाए। हमें खुशी है कि हमने आज पौधे लगाए। मुझे खुशी है कि सरकार ने यह पहल की है। मैं इस आंदोलन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं।
हैदराबाद में बारिश के कारण हुआ जलभराव
तेलंगाना: हैदराबाद में बारिश के कारण जलभराव हुआ।
धर्मनिरपेक्षता यूरोपीय अवधारणा है भारतीय नहीं: राज्यपाल रवि
तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने कहा कि धर्मनिरपेक्षता एक यूरोपीय अवधारणा है। जो चर्च और राजा के बीच संघर्ष के बाद विकसित हुई, जबकि भारत एक धर्म-केंद्रित राष्ट्र है। इसलिए यह संविधान का हिस्सा नहीं था, बल्कि इसे आपातकाल के दौरान एक असुरक्षित प्रधानमंत्री की ओर से जोड़ा गया था। देश के लोगों के साथ बहुत धोखाधड़ी की गई है और उनमें से एक धर्मनिरपेक्षता की गलत व्याख्या है।
राज्यपाल ने आगे कहा, यूरोप में धर्मनिरपेक्षता का उदय तब हुआ जब चर्च और राजा के बीच लड़ाई हुई। लंबे समय तक चले इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए इस अवधारणा का विकास किया गया। रवि ने दावा किया कि आजादी के समय जब संविधान का मसौदा तैयार किया जा रहा था, तब धर्मनिरपेक्षता पर चर्चा हुई थी। संविधान सभा ने इसे यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि भारत एक धर्म-केंद्रित देश है और यहां यूरोप जैसा कोई संघर्ष नहीं हुआ है। संविधान सभा की चर्चा का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वहां इस बात पर विचार-विमर्श किया गया था कि भारत धर्म का देश है। धर्म से टकराव कैसे हो सकता है? भारत धर्म से दूर कैसे हो सकता है? ऐसा हो ही नहीं सकता! उन्होंने कहा कि भारत में धर्मनिरपेक्षता की कोई आवश्यकता नहीं है और इसलिए इसे संविधान में शामिल नहीं किया गया।
अनिल अंबानी के बेटे पर एक करोड़ जुर्माना
रिलायंस होम फाइनेंस में ड्यू डिलिजेंस सही नहीं करने पर सेबी ने अनिल अंबानी के बेटे अनमोल अंबानी पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। कंपनी के मुख्य जोखिम अधिकारी कृष्णन गोपालकृष्णन पर भी 15 लाख रुपये का दंड लगाया है। दोनों को 45 दिनों में जुर्माने की रकम भरनी होगी।
बंगलूरू सिटी के नॉर्थ डिवीजन के डीसीपी साइदुलु अदावथ ने कहा, ' बीबीएमपी मैदान में एक 11 साल के बच्चे के सिर पर गेट गिरने से उसकी मौत हो गई। यह घटना कल शाम करीब चार बजे मल्लेश्वरम बीबीएमपी मैदान में हुई जब लड़का खेलने के लिए मैदान पर आया था। मल्लेश्वरम पुलिस ने उस स्थान का दौरा किया जहां घटना हुई और जांच की।
कानून-व्यवस्था एक बड़ा सवालिया निशान बना हुआ: मुरुगन
तमिलनाडु के थूथुकुडी में केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने कहा कि शराब विरोधी सम्मेलन मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और (वीसीके) थोल द्वारा नियोजित और निष्पादित एक नाटक है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरुमावलवन 17 दिनों के लिए अमेरिका गए थे। उन्हें वहां से निवेश की उम्मीद थी, लेकिन यह तमिलनाडु में नहीं आया। तमिलनाडु में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। पिछले तीन वर्षों में आप जहां भी देखते हैं, वहां हत्याओं की कोई उचित जांच नहीं हुई है। कानून-व्यवस्था एक बड़ा सवालिया निशान बना हुआ है।
उन्होंने आगे कहा, 'श्रीलंका में जो भी राष्ट्रपति चुना जाता है, हम उस देश के साथ अच्छे सामाजिक संबंध बनाए रखते हैं। हम लगातार मछुआरों की रिहाई की मांग कर रहे हैं।हमने मछुआरों के पुनर्वास के लिए तमिलनाडु को 17 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे जीपीएस उपकरणों के बिना न जाएं।'
वक्फ संशोधन विधेयक पर जेपीसी अध्यक्ष बोले- एक करोड़ ईमेल मिले और 7 बैठकें हुईं
वक्फ संशोधन विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष और भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने बताया कि इस विधेयक को संसद में जेपीसी के पास भेजा गया था और तीन महीने का समय तय किया गया था। उन्होंने कहा, जब कोई विधेयक जेपीसी के पास भेजा जाता है, तो सरकार को उम्मीद होती है कि इस पर सभी हितधारकों और जेपीसी के सदस्यों के बीच चर्चा होगी, ताकि संशोधनों पर उनके विचार लिए जा सकें। हमने करोड़ से अधिक ईमेल प्राप्त किए हैं और सात बैठकें आयोजित की हैं, जो सात से आठ घंटे तक चलीं।
उन्होंने आगे कहा, हम एक व्यापक रिपोर्ट तैयार करना चाहते हैं, जिसमें सभी की सहमति हो, ताकि ऐसा विधेयक बनाया जा सके जिससे वक्फ संपत्तियों के लाभ शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में मिल सकें। इस प्रक्रिया का उद्देश्य संपत्तियों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना और संबंधित क्षेत्रों में सुधार लाना है।