केरलम के एर्नाकुलम में यहूदी उपासना स्थल (सिनेगॉग) के सामने स्थित पौधों की नर्सरी में कथित तौर पर आग लगाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को शक है कि इस घटना के तार किसी बड़ी साजिश से जुड़े हो सकते हैं। इस बीच, पुलिस ने मंगलवार को आरोपी एबिन बी पॉल के पुथेनक्रूज स्थित घर की तलाशी के दौरान हेरोइन, फेंटानिल, ऑक्सीकोडोन, अल्प्राजोलम और केटामाइन समेत मादक पदार्थ जैसी संदिग्ध चीजें बरामद कीं। एफआईआर में यह जानकारी दी गई है।
आरोपी को 12 सितंबर को हुई उस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एर्नाकुलम बाजार क्षेत्र में यहूदी उपासना स्थल के सामने स्थित 'ब्लॉसम' नाम की पौधों की नर्सरी में आग लग गई थी। आरोपी रात करीब 2.30 बजे कार से वहां पहुंचा, नर्सरी पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। आरोप है कि मौके से भागने से पहले उसने अपने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो भी बनाया। नर्सरी के मालिक ने इस घटना के बाद शिकायत दर्ज कराई थी। वह सिनेगॉग की देखरेख भी करते हैं।
पुलिस ने कोच्चि शहर के उपायुक्त अरुण के पवित्रन और एर्नाकुलम सेंट्रल के सहायक आयुक्त सीबी टॉम की निगरानी में जांच शुरू की। जांचकर्ताओं ने उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की और घटना में इस्तेमाल वाहन की पहचान करने के लिए करीब 150 लोगों से पूछताछ की। बाद में पुलिस ने कार के पंजीकरण नंबर के जरिए आरोपी का पता लगाया और उसे पुथेनक्रूज स्थित एक किराये के विला में खोज निकाला।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और टेलीग्राम चैट खंगाली। इसमें कुछ ऐसी सामग्री मिली, जिससे जांचकर्ताओं को संदेह है कि आरोपी ऑनलाइन संदेशों के जरिए किसी अज्ञात व्यक्ति से जुड़ा हो सकता है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है कि आरोपी को आगे और हमले करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है। प्राथमिकी के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपी के बेडरूम की एक अलमारी से मादक पदार्थ जैसी संदिग्ध चीजें बरामद की गईं। केरल पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों ने भी आरोपी से पूछताछ की है।