तेलंगाना के निजामाबाद जिले में ट्रैफिक सिग्नल पर कारों की सफाई कर पैसे कमाने वाले युवक की लॉरी से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि कथित तौर पर चार पहिया वाहन सवार एक सरकारी अधिकारी ने मृतक को बहस के दौरान लात मार दी, जिसके चलते वह एक लॉरी के नीचे आ गया और उसकी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम की है। पुलिस ने बताया कि मृतक युवक ने मना करने के बावजूद आर्मूर इलाके में एक ट्रैफिक जंक्शन पर एक अधिकारी के कार की खिड़की के शीशे साफ किये थे, जिसके बाद दोनों बीच बहस होने लगी और फिर गुस्से में अधिकारी ने कार से उतरकर युवक के लात मार दी और वह पीछे से आ रही एक टिपर लॉरी के पहिये के नीचे आ गया।
फिलहाल, पीड़ित के रिश्तेदारों की शिकायत के आधार पर लॉरी चला रहे व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अन्य की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इंफाल में कॉलेज में आईईडी विस्फोट एक युवक की मौत
इंफाल। मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में डीएम कॉलेज परिसर में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में एक युवक की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात हुए विस्फोट की अभी तक किसी भी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। मृतक की पहचान ओइनाम केनेगी (24) के रूप में हुई। इसके अलावा यूनाइटेड कमेटी मणिपुर (यूसीएम) के कार्यालय में आगजनी व एक स्कूल में तोड़फोड़ की भी खबर है।
सरकार के कुप्रबंधन ने देश को 20 साल पीछे धकेला : कांग्रेस
कांग्रेस ने दावा किया कि मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्रित्व काल में हासिल की गई प्रगति को मोदी सरकार ने उलट दिया है। आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कुप्रबंधन ने आर्थिक परिवर्तन को 20 साल पीछे धकेल दिया है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया में लिखा, 2004-05 और 2017-18 के बीच भारत में कृषि श्रमिकों की संख्या में 6.7 करोड़ की गिरावट आई है, क्योंकि श्रमिकों ने विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के लिए कम मजदूरी वाली कृषि छोड़ दी है। यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि थी, भारत में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर था। डॉ. मनमोहन के प्रधानमंत्रित्व काल में हासिल की गई सारी प्रगति लगभग पूरी तरह से उलट गई है।
क्या पूरे देश को बांटना चाहते हैं राहुल : वैद
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान नौकरियों एवं व्यवसाय में जातियों की भागीदारी पर सवाल उठाने एवं लोगों से उनकी जातियां पूछने को लेकर जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक शेष पॉल वैद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की।
वैद ने राहुल की ओर से एक पत्रकार की जाति और उसके मालिक का नाम पूछे जाने को लेकर कहा कि क्या वे पूरे देश को जातियों में विभाजित करना देना चाहते हैं। इस तरह की राजनीतिक विचारधारा और व्यक्त देश को नफरत एवं विभाजन की ओर ले जाएंगे। उन्होंने पूछा कि क्या हमें एक देश चाहिए, जिसमें पूरा समाज जातियों में बंटा हो या हमें एक ऐसा देश बनाना है कि उसमें जातियों की कोई भूमिका नहीं हो। हमारा उद्देश्य भारत को एक समृद्ध देश बनाना होना चाहिए।
आंध्र प्रदेश : सांसद रघु रामकृष्ण ने वाईएसआरसीपी से दिया इस्तीफा
आंध्र प्रदेश के नरसापुरम लोकसभा क्षेत्र के सांसद रघु रामकृष्ण राजू ने शनिवार को वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआरसीपी से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे में उन्होंने कहा कि चार वर्षों से मतभेद के बाद अब समय आ गया है कि इस अरुचिकर संबंध से मुक्त हो जाना चाहिए। जनता की सेवा के लिए अपने दृढ़ विश्वास को बनाए रखने के प्रतीक के रूप में इस्तीफा दिया है।
अंग्रेजी में अनूदित मगही उपन्यास फूल बहादुर का विमोचन
कवि-राजनयिक, संपादक और अनुवादक अभय के. के अंग्रेजी में अनूदित पहले मगही उपन्यास फूल बहादुर का शनिवार को पटना में ग्रैंड ट्रंक रोड इनिशिएटिव्स के चौथे संस्करण में विमोचन किया गया। पुस्तक का विमोचन जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अजय सिंह और सरकार के प्रधान सचिव ने किया। 1928 में पहली बार बिहार के नवादा जिले के जयनाथ पति का उपन्यास फूल बहादुर अंग्रेजी में अनूदित होने वाला पहला मगही उपन्यास है।
नागपुर में पूर्व प्रेस फोटोग्राफर की गोली मारकर हत्या
नागपुर के राज नगर इलाके में 50 वर्षीय पूर्व प्रेस फोटोग्राफर विनय पुणेकर की उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सदर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की घटनास्थल से भागते समय की तस्वीरें कैद हो गई हैं। उन्होंने कहा, आरोपी पुणेकर के घर में घुसे और मौके से भागने से पहले उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुणेकर की गर्दन में गोली लगी थी। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
एक देश, एक चुनाव पर कोविंद समिति ने की प्रगति की समीक्षा
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली समिति ने शनिवार को ‘एक देश, एक चुनाव’ पर हुई प्रगति की समीक्षा की। समिति को मौजूदा सांविधानिक ढांचे को ध्यान में रखते हुए लोकसभा, राज्य विधानसभाओं, नगर पालिकाओं और पंचायतों के एक साथ चुनाव कराने के लिए सिफारिशें करने का काम सौंपा गया है।
असम : जंगली हाथी ने महिला समेत दो को कुचलकर मार डाला
गोअसम के गोलपारा जिले में जंगली हाथियों ने एक महिला समेत दो लोगों को कुचल कर मार डाला। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मामला शुक्रवार की रात का है। दोनों लखीपुर से गुआलगुली में अपने घरों की ओर जा रहे थे... तभी एक पुल के पास उनका सामना हाथियों के झुंड से हुआ। उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने की युवक की गोली मारकर हत्या
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में नक्सलियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना टोंटो थाना क्षेत्र के गांव बंदाबेड़ा में हुई। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि शुक्रवार शाम जितेन लागुरी (35) अपने घर लौटे। कुछ देर बाद नक्सलियों का एक समूह भी वहां आ धमका और उनकी हत्या के बाद वे फरार हो गए। पुलिस नक्सलियों की तलाश कर रही है।
मणिपुर के मोरेह में 15 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त
असम राइफल्स ने मणिपुर के मोरेह जिले में एक ऑपरेशन के दौरान नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित पदार्थों के भंडारण में इस्तेमाल किए जा रहे एक गोदाम का भंडाफोड़ किया। जब्त किए गए पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 करोड़ है। मुख्यालय महानिरीक्षक असम राइफल्स (दक्षिण) के प्रवक्ता ने कहा कि पकड़े गए व्यक्तियों और बरामद वस्तुओं को जांच के लिए शुक्रवार को मोरेह पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया।
तमिलनाडु: तीन बार की कांग्रेस विधायक विजयधारणी भाजपा में
तमिलनाडु में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। विलावनकोड निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार की कांग्रेस विधायक एस विजयधारणी ने शनिवार को पार्टी को अलविदा कहते हुए भाजपा का दामन थाम लिया। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन की उपस्थिति में वह यहां भाजपा में शामिल हुईं। इस मौके पर उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। साथ ही, उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लिए केंद्र सरकार की सराहना की और अफसोस जताया कि उनमें से कुछ को तमिलनाडु में लागू नहीं किया जा रहा है।
त्रिपुरा: असम राइल्स ने जब्त किया करोड़ों का मारिजुआना
असम राइफल्स ने 23 फरवरी 2024 को पश्चिम त्रिपुरा जिले के बिजॉयनगर में करोड़ों का मारिजुआना जब्त किया। पुलिस के मुताबिक माल सीधी मोहनपुर के एक गोदाम और पास के वन क्षेत्र में छिपाकर रखा गया था। जब्त मारिजुआना की कीमत 4.09 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वहीं, इसकी मात्रा 1024 किलोग्राम है।