फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: CAA विरोध के दौरान उत्पात पर सख्ती से निपटेगी असम पुलिस; IPS अनुराग अग्रवाल संसद सुरक्षा प्रमुख होंगे

Sat, 02 Mar 2024 01:26 AM IST
यशोधन शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पुरी

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रिंसिपल सेक्रेटरी प्रमोद कुमार मिश्रा शुक्रवार को पुरी पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्री जनग्नाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना की। इससे पहले वह भुवनेश्वर स्थित केआईआईटी ज्ञान कार्यक्रम में शामिल हुए थे। दिन की बड़ी खबरों में संसद सुरक्षा प्रमुख की नियुक्ति और सीएए के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन के दौरान उत्पात पर सख्ती के संकेत भी शामिल हैं। पढ़िए सुर्खियां
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ओडिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रिंसिपल सेक्रेटरी प्रमोद कुमार मिश्रा शुक्रवार को पुरी पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्री जनग्नाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना की। इससे पहले वह भुवनेश्वर स्थित केआईआईटी ज्ञान कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने पीएम मोदी के प्रयासों की सराहना की और छात्रों से कड़ी मेहनत करने की अपील की।
विज्ञापन

सीईओ कॉनक्लेव - फोटो : ANI
मोहाली में सीईओ कॉन्क्लेव का आयोजन
पंजाब के मोहाली स्थित चंडीगढ़ विश्विद्यालय में सीईओ कॉन्क्लेव 2024 का आयोजन हुआ। कुल 30 मुख्य कार्यकारी(सीईओ) सहित कॉर्पोरेट जगत के थिंक-टैंक ने इसमें भाग लिया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के सीईओ ने भारतीय अर्थव्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत में बदलने के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए सीईओ ने 2047 तक एक मजबूत भविष्यवादी रोडमैप साझा किया । साथ ही सर्वसम्मति से अपना पूरा समर्थन देने की कसम खाई।

सुपर हरक्युलिस सी 130 विमान
IAF विमान में तकनीकी खराबी के चलते हैदराबाद में आपातकालीन लैंडिंग

भारतीय वायुसेना के सी -130 जे सुपर हरक्यूलीस परिवहन विमान को हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर अचानक आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। रक्षा बयान के अनुसार, विमान ने नियमित उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी की सूचना दी थी। हालांकि, चालक दल ने बताई गई प्रक्रियाओं के अनुसार कार्रवाई की और सुरक्षित रूप से उतर गए, किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई और विमान को कोई नुकसान नहीं हुआ।

उद्योगपति अनंत अंबानी की प्री-वेडिंग पार्टी में शिरकत कर लौटे कतर के पीएम

कतर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी जामनगर से रवाना हुए। बता दें कि उद्योगपति अनंत अंबानी की प्री-वेडिंग पार्टी का सिलसिला जारी है। इस दौरान इसमें वीआईपी गेस्ट भी इसमें शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। इस कड़ी में अब कतर के प्रधानमंत्री का नाम भी जुड़ गया। कतर के पीएम मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी ने शुक्रवार को अनंत-राधिका की प्री-वेडिंग में शिरकत की थी।

ओडिशा में सीएम पटनायक ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बस टर्मिनल का किया उद्घाटन 
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को राज्य की राजधानी के बारामुंडा में एक अत्याधुनिक बस टर्मिनल का उद्घाटन किया। भुवनेश्वर विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा 17.32 एकड़ भूमि पर बनाया गया बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बस टर्मिनल उसी स्थान पर स्थित है, जहां पुराना बस स्टैंड हुआ करता था। उन्होंने कहा, 'यह बस टर्मिनल यात्रियों को सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ सेवा प्रदान करेगा। राज्य सरकार की विकास पहलों में एक मील का पत्थर बना रहेगा।

एक अधिकारी ने कहा, इसमें 44 बस बे हैं, जिनमें 100 से अधिक ऑटो-रिक्शा, 20 टैक्सियां, 85 दोपहिया वाहन और 20 निजी कारों की पार्किंग के लिए जगह है। उन्होंने कहा, यात्रियों को छात्रावास, पानी के नल, क्लोकरूम, प्रीपेड ऑटो सेवा, एटीएम और शिशु आहार कक्ष जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।  पूरा परिसर 120 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी में रहेगा। 

अंबरनाथ में उल्हास नदी में तैरते समय एक की मौत, एक लापता

ठाणे जिले के अंबरनाथ में शुक्रवार को उल्हास नदी में तैरने गया एक व्यक्ति डूब गया और एक अन्य लापता है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। हादसा, दोपहर में शांतिसागर पॉइंट पर हुआ।
उन्होंने कहा, मृतक और लापता व्यक्ति चार लोगों के समूह का हिस्सा थे। दो तैरकर सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे। अमन सिंह नाम के शख्स का शव बरामद कर लिया गया, जबकि अजय भोरिया लापता है।

सीवरेज (सांकेतिक)
हैदराबाद में सीवरेज मैनहोल की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कुलसुमपुरा में पहली बार मैनहोल में घुसा 40 वर्षीय एक कर्मचारी गिर गया और उसे बचाने की कोशिश करने वाले दो अन्य भी बेहोश हो गए। तीन मजदूरों में से एक को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में दो पुलिसकर्मियों को हटाया गया

संदेशखाली लंबे समय से सुर्खियों में बना हुआ है। टीएमसी नेता शाहजहां शेख की गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद ही पश्चिम बंगाल सरकार ने बशीरहाट पुलिस के दो अधिकारियों को हटा दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राज्य सरकार ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (डीआईबी) के निदेशक डीएसपी सुजीत कुमार मंडल और इंस्पेक्टर काजल बनर्जी को उनके पद से हटाया है। 

शुल्क न चुकानेे वाले दस भारतीय एप को गूगल ने प्ले स्टोर से हटाया

गूगल ने नीति के मुताबिक भुगतान न करने पर 10 भारतीय एप को प्ले स्टोर से हटा दिया है। इसमें नौकरी.कॉम व शादी.कॉम, 99 एकर्स.कॉम जैसे प्रसिद्ध एप भी शामिल हैं। गूगल ने कहा, सभी एप लंबे समय से प्ले स्टोर की सेवाएं ले रहे हैं, पर भुगतान नहीं कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश मुताबिक बिलिंग नीति का पालन न करने पर फिलहाल 10 एप को नोटिस भी भेजे गए हैं।

मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन के तीन सदस्य गिरफ्तार

मणिपुर पुलिस ने शुक्रवार को इंफाल पश्चिम जिले से प्रतिबंधित कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी-नोंगड्रेनखोम्बा (केसीपी-एन) के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद, पांच मोबाइल हैंडसेट और 4 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। गिरफ्तार सदस्यों की पहचान एल एलिन, हेरिश माईबम और बेला ओइनाम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बरामद हथियार और गोला-बारूद के बारे में संदेह है कि वे सुरक्षा बलों से लूटे गए होंगे। पुलिस ने आगे की जांच के लिए मामला दर्ज कर लिया है।

आईपीएस अधिकारी अनुराग संसद सुरक्षा के प्रमुख नियुक्त

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी अनुराग अग्रवाल को संसद सुरक्षा का प्रमुख नियुक्त किया गया है। वर्तमान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में महानिरीक्षक, असम-मेघालय कैडर के 1998-बैच के अधिकारी को तीन साल के लिए संयुक्त सचिव (सुरक्षा) नियुक्त किया गया है। तत्कालीन संयुक्त सचिव रघुबीर लाल के अपने कैडर में वापस जाने के बाद 20 अक्तूबर से यह पद खाली था। 

ओडिशा के क्योंझर में नाबालिग लड़की से बलात्कार के दोषी पिता-पुत्र को सजा

ओडिशा के क्योंझर जिले की एक विशेष अदालत ने नाबालिग लड़की के अपहरण और बलात्कार के आरोप में पिता-पुत्र को कठोर कारावास की सजा सुनाई। POCSO अदालत के न्यायाधीश सुभाश्री त्रिपाठी ने 18 गवाहों को सुनने और सबूतों की पुष्टि करने के बाद बाबुन सेठी (20) और उसके पिता डोलागोविंदा (43) को दोषी ठहराया।

विशेष लोक अभियोजक गणेश प्रसाद महापात्र ने कहा कि अदालत ने बबुन को 25 साल के कठोर कारावास (आरआई) की सजा सुनाई और उस पर 20,000 रुपये का जुर्माना लगाया। अदालत ने कहा कि जुर्माना अदा न करने पर बाबुन को दो साल और जेल में बिताने होंगे।

अदालत ने डोलागोविंदा को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई और उस पर 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। जिला कानूनी अधिकारियों को बलात्कार पीड़िता को 6 लाख रुपये का मुआवजा देने का निर्देश दिया गया।

कांग्रेस का वादा- केंद्र में सत्ता में आने पर आंध्र प्रदेश को 10 साल के लिए विशेष राज्य का दर्जा

कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा, जैसे ही पार्टी केंद्र में सत्ता में आएगी, वह आंध्र प्रदेश को 10 साल के लिए विशेष राज्य का दर्जा देगी। आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाई एस शर्मिला ने दक्षिणी राज्य के वरिष्ठ पार्टी नेताओं की उपस्थिति में घोषणा की। इस मौके पर राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी मौजूद रहे। शर्मिला ने तारक राम मैदान में एक रैली में कहा, सत्ता में आने के तुरंत बाद, (कांग्रेस नेता) राहुल गांधी का पहला हस्ताक्षर विशेष श्रेणी के दर्जे पर होगा।

आंध्र प्रदेश में नौसेना के विमानों का संग्रहालय खुला

एक संग्रहालय में तब्दील हो चुके भारतीय नौसेना के सेवामुक्त विमान टीयू 142 का आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में उद्घाटन किया गया। विशाखापत्तनम और कोलकाता में इसी तरह के संग्रहालयों के बाद टीयू-142 संग्रहालय तीसरा ऐसा संग्रहालय है। उद्घाटन काकीनाडा लोकसभा सदस्य वंगा गीता विश्वनाथ ने किया। शुक्रवार को विशाखापत्तनम स्थित पूर्वी नौसेना कमान (ईएनसी) ने कहा, प्रतिष्ठित भारतीय नौसेना के विमान टीयू-142 को आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में संग्रहालय में रखा गया है।

ईएनसी के कमोडोर (विमानन) एन सुदीप ने नौसेना विमान की उल्लेखनीय 30 साल की यात्रा को याद किया। बयान के मुताबिक शुरुआत में आईएनएस हंसा, गोवा और बाद में आईएनएस राजली, अराकोणम में तैनात इस विमान ने भारतीय नौसेना के लिए लंबी दूरी की समुद्री टोही पनडुब्बी रोधी युद्ध संपत्ति के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पीएम मोदी लोगों के कल्याण के लिए समर्पित, मिलना चाहिए तीसरा कार्यकाल: जी किशन रेड्डी

केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना बीजेपी प्रमुख जी किशन रेड्डी - फोटो : ANI
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के कल्याण के साथ-साथ भ्रष्टाचार रहित सुशासन सुनिश्चित किया है और उन्हें तीसरे कार्यकाल के लिए चुना जाना चाहिए। रेड्डी तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा की 'विजय संकल्प यात्रा' को संबोधित किया।

असम कैबिनेट ने 1,600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी

असम के मंत्रिमंडल ने 1,600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। स्वास्थ्य मंत्री केशब महंत ने कहा, चार (व्यावसायिक) समूह असम में निवेश के लिए आगे आए हैं और कैबिनेट ने उनके प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। महंत ने कहा, कुल प्रस्तावित निवेश 1,612 करोड़ रुपये का है, जिससे 4,125 लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार की संभावनाएं पैदा होंगी।

ओडिशा में नीदरलैंड के 72 वर्षीय पर्यटक ने लगाए गंभीर आरोप

पुरी के एक होटल में चेक इन करने वाले नीदरलैंड के 72 वर्षीय पर्यटक एंथोनी वॉन अर्केल ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पर्यटक ने दावा किया कि एक टैक्सी चालक ने उनके साथ कथित तौर पर लूट को अंजाम दिया। वह भिखारियों के लिए बनाए गए एक आश्रय गृह में एक महीने से अधिक समय तक रुके थे।

एंथोनी वॉन अर्केल ने यह भी कहा कि घटना के बाद टैक्सी ड्राइवर ने उन्हें तीन दिनों तक भुवनेश्वर के एक घर में बंद रखा। इस मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया, उन्होंने 25 जनवरी को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। अर्केल ने दावा किया कि वह 9 जनवरी को विदेशी मुद्रा बदलने के लिए कैब में पुरी से भुवनेश्वर गए थे। भितरकनिका जाने के दौरान, जब वह कार से बाहर निकले तो ड्राइवर ने उनके पैसे लूट लिए।
विज्ञापन

CAA के विरोध की योजना पर असम पुलिस ने दिए सख्ती के संकेत

नागरिकता (संशोधन) कानून (CAA) के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के कारण होने वाले नुकसान की भरपाई आंदोलनकारी करेंगे। पुलिस हर्जाना वसूलेगी। यह कहना है असम के पुलिस महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह का। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि पुलिस सीएए के खिलाफ घोषित आंदोलनों के दौरान किसी भी उत्पात और आगजनी की अनुमति नहीं देगी। इससे पहले उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार के पास आंदोलनकारियों की तरफ से आहूत बंद के कारण होने वाले 1,643 करोड़ रुपये के दैनिक वित्तीय नुकसान की वसूली करने का विकल्प भी है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, मैं लोगों की याददाश्त को ताजा करना चाहता हूं। दिसंबर 2019 में क्या हुआ था, इसे भूलना नहीं चाहिए। शंकरदेव कलाक्षेत्र सहित कई अहम इलाकों में तोड़फोड़ और आगजनी हुई थी। उन्होंने कहा, असम पुलिस अब 2024 में ऐसा नहीं होने देगी। डीजीपी ने विभिन्न आंदोलनों और दंगे से निपटने को मुस्तैद कमांडो सहित पुलिस इकाइयों की एक दर्जन से अधिक तस्वीरें साझा कर कहा, सभी सुरक्षाबल गुवाहाटी में रहने वाले लोगों को सुरक्षित रखेंगे। असम पुलिस सभी परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें