पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार शाम राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात की। राजभवन के अधिकारियों ने बताया कि दोनों नेताओं ने अगले महीने राज्य विधानसभा के बजट सत्र सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। बनर्जी ने खुद को लगी चोट का जिक्र करते हुए कहा, 'मुझे दर्द हो रहा है, इसके बावजूद मैं बैठक के लिए आई हूं। उच्चतम न्यायालय के फैसले के अनुसार, हमारी बैठक बहुत अच्छी रही। मैं 26 जनवरी को फिर आऊंगी।' उन्होंने बताया कि कैसे अन्य वाहन से टक्कर से बचने के लिए उनकी कार के अचानक रुकने के बाद उनके माथे पर चोट लग गई।
बंगाल बोर्ड को परीक्षाओं के समय में बदलाव पर 25 तक HC को देना होगा जवाब
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बुधवार को पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (डब्ल्यूबीबीएसई) को उसके द्वारा घोषित कक्षा 10 की परीक्षा के समय में बदलाव को रद्द करने की मांग करने वाले एक अभ्यावेदन पर निर्णय लेने का निर्देश दिया। न्यायमूर्ति बिस्वजीत बसु की पीठ ने डब्ल्यूबीबीएसई को गुरुवार को फैसले के बारे में सूचित करने को भी कहा, जब मामले की दोबारा सुनवाई होगी। बता दें कि फरवरी में होने वाली पश्चिम बंगाल बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षाओं का समय दो घंटे आगे बढ़ा दिया गया, लेकिन कोई कारण नहीं बताया गया। रिवीजन के बाद परीक्षाएं सुबह 11.45 बजे की बजाय 9.45 बजे शुरू होंगी।
वकीलों की हड़ताल पर बीसीआई के नियमों की जांच करेगा सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह वकीलों की हड़ताल से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के तैयार किए गए नियमों की जांच करेगा। जस्टिस सुधांशु धूलिया और जस्टिस एसवीएन भाटी की पीठ ने इस मामले को फरवरी में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।
आचरेकर और मसगे को भरतमुनि सम्मान, संघ प्रमुख करेंगे सम्मानित
मुंबई के प्रसिद्ध चित्रकार विजय दशरथ आचरेकर और लोककला क्षेत्र की नामचीन हस्ती गणपत सखाराम मसगे भरतमुनि सम्मान से सम्मानित होंगे। संघ के अनुशांगिक संगठन संस्कार भारती ने कला एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इन दो शख्सियतों को सम्मानित करने की घोषणा की है। संघ प्रमुख मोहन भागवत एक से चार फरवरी तक बंगलूरू में आयोजित अखिल भारतीय कला संगम में दोनों को सम्मानित करेंगे। संस्कार भारती के महामंत्री अश्विन दलवी ने बताया कि 2024 का यह सम्मान मंचीय कला व साहित्य के क्षेत्र में दिया जाएगा।
कलकत्ता विश्वविद्यालय में राज्यपाल को दिखाए काले झंडे
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को कलकत्ता विश्वविद्यालय पहुंचने पर दो छात्र संगठनों ने काले झंडे दिखाए। राज्यपाल बुधवार को विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। राज्यपाल बोस का काफिला विश्वविद्यालय के द्वार पर पहुंचने पर तृणमूल छात्र परिषद और वामपंथी छात्र संगठन एआईडीएसओ के छात्रों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए। हालांकि, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को उनके काफिले से दूर रखा।
छग से रामभक्त अयोध्या रवाना महाराष्ट्र के सीएम पांच को जाएंगे
छत्तीसगढ़ से रामभक्तों की एक टोली बुधवार को अयोध्या रवाना हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायुपर से इन्हें हरी झंडी दिखाई। ये राम सेवक अगले 60 दिनों तक छत्तीसगढ़ की ओर से भंडारा चलाकर अयोध्या आने वाले भक्तों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराएंगे। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ फरवरी के पहले हफ्ते में अयोध्या की यात्रा करेंगे और रामलला के दर्शन करेंगे।
छह फरवरी को पीएम गोवा को देंगे कई परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह फरवरी को गोवा दौरे के दौरान विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। पीएम दक्षिण गोवा में भारत ऊर्जा सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होंगे। पीएम मडगांव शहर सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें कुन्कोलिम में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान परिसर, डोना पाउला में भारतीय जल क्रीड़ा संस्थान, बेटिम में कमांडेंट नेवी कॉलेज, कुडचडें में एक ठोस अपशिष्ट उपचार संयंत्र और सेलौलीम बांध पर 100 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र शामिल हैं।
गुजरात नाव हादसा : ठेका लेने वाली कंपनी का साझेदार गिरफ्तार
गुजरात के वडोदरा की जिस झील में हाल ही में हादसा हुआ था, उसके रख-रखाव का ठेका हासिल करने वाली निजी कंपनी के साझेदार को बुधवार को ओडिशा से पकड़ा गया। एक नौका हादसे में 12 विद्यार्थियों और दो शिक्षकों की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया, प्राथमिकी में 19 लोगों को नामजद किया गया है।
गुजरात में शराब तस्करों ने मारी टक्कर पुलिसकर्मी की मौत
गुजरात के अहमदाबाद में कार का पीछा कर रही पीसीआर वैन को उसमें सवार शराब तस्करों ने टक्कर मार दी, जिससे वैन में सवार एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि उनका साथी घायल हो गया। कि कार में देशी शराब की तस्करी की जा रही थी। घटना के बाद आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। बता दें कि गुजरात में शराब प्रतिबंधित है।
अहमदाबाद ग्रामीण की प्रभारी पुलिस अधीक्षक मेघा तेवर ने कहा, यह घटना मंगलवार रात दसक्रोई तालुका के कांबा गांव में घटी। पीसीआर वैन ने पीछा करने के दौरान एक तेज रफ्तार कार को ओवरटेक किया और जैसे ही उन्होंने कार को रोकने की कोशिश की, वह वैन से टकरा गई।
दाऊद गिरोह के गुर्गे को मुंबई पुलिस ने पकड़ा
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दाऊद इब्राहिम गिरोह के एक सदस्य सचिन गजानन शेटे को गिरफ्तार किया गया है। शेटे के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली सहित कई आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपी को मुंबई अपराध शाखा ने ओशीवारा से गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक बंदूक और जिंदा गोलियां जब्त की गईं हैं।
राहुल गांधी ने अग्निपथ योजना को लेकर की केंद्र सरकार की आलोचना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अग्निपथ योजना को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की है। उन्होंने बुधवार को सैन्य भर्ती की इस योजना को लेकर भाजपा पर आरोप लगाया कि 1.5 लाख युवा, जिन्हें पिछली प्रक्रिया के तहत नियुक्ति का वादा किया गया था वह अब बेरोजगार और निराश हो गए हैं। राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कुछ युवाओं के साथ अपनी बातचीत की और उसका वीडियो यूट्यूब पर पोस्ट किया। इसमें वह उन नौजवानों से बात कर रहे हैं जो कथित तौर पर पिछली भर्ती प्रक्रिया में मंजूरी मिलने पर भी नियुक्त नहीं किए गए थे। बता दें कि 14 जून, 2022 को घोषित अग्निपथ योजना में साढ़े 17 से 21 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं को केवल चार वर्षों के लिए भर्ती करने का प्रावधान है, जिसमें से 25 प्रतिशत को 15 और वर्षों के लिए बनाए रखने का प्रावधान है।
पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 जनवरी से पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा की संगठात्मक तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके अलावा वह कोलकाता में प्रसिद्ध हस्तियों की एक सभा सहित पूर्व मेदिनीपुर में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करेंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 42 में से 18 सीटें जीतने वाली बीजेपी ने इस बार 35 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।
टिकट के दावेदारों से 25 हजार लेगी कांग्रेस
आंध्र प्रदेश कांग्रेस लोकसभा सीट के दावेदारों से 25 हजार और विधानसभा सीट के दावेदारों से 10 हजार रुपये 'चंदे' के रूप में लेगी। कांग्रेस की आंध्र प्रदेश इकाई ने अगले कुछ महीनों में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने के दावेदारों से आवेदन लेना शुरू कर दिया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की आंध्र प्रदेश इकाई के प्रभारी मनिकम टैगोर के अनुसार, लोकसभा सीट के लिए आरक्षित वर्ग के इच्छुक दावेदारों से 'दान' के रूप में 15,000 रुपये और सामान्य वर्ग के दावेदारों से 25,000 रुपये लेगी। लेकिन विधानसभा टिकट के यह रकम आरक्षित वर्ग के लिए 5,000 रुपये और अनारक्षित वर्ग के लिए 10,000 रुपये है।