दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कोहरे ने बुधवार को लोगों को 25 से 50 मीटर के बीच कैद कर दिया। पंजाब के अमृतसर और पटियाला, दिल्ली में पालम और आया नगर, यूपी में बरेली, आगरा और बहराइच में दृश्यता 25 मीटर से नीचे रही।
वहीं मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी और झांसी में 50 मीटर तक दिखाई नहीं दिया। न्यूनतम तापमान पूरे उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि, कोहरे से सबसे ज्यादा प्रभावित यूपी में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने अगले चार दिन यूपी और बिहार में ज्यादातर जगह मध्यम कोहरे और कुछ जगह घना या बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी अगले तीन दिन कई जगह मध्यम कोहरा पड़ने के साथ-साथ कुछ जगह घना कोहरा पड़ेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में किसी तरह के बदलाव के संकेत नहीं हैं।