कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित टीएमसी के पार्टी कार्यालय पर हमले के बाद बंगाल की सियासत गरमा गई है। टीएमसी ने घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है और सत्ताधारी भाजपा पर हमले का आरोप लगाया है। इस मामले में टीएमसी ने राष्ट्रपति और बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि को पत्र लिखा है और तत्काल मुलाकात के लिए समय मांगा है। टीएमसी ने राज्य पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। वहीं टीएमसी के आरोपों पर भाजपा ने भी तीखा पलटवार किया है और कहा है कि अगर भाजपा बदले की राजनीति करती तो टीएमसी नेता भी इससे बच नहीं पाते।
टीएमसी ने राज्य सरकार और पुलिस पर क्या आरोप लगाए?
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि राष्ट्रपति और राज्यपाल को पत्र सुबह भेजे गए थे। इन पत्रों में बैठक के लिए तुरंत समय देने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन बैठकों में राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चर्चा करना चाहती है। डेरेक ओ ब्रायन ने आरोप लगाया कि पिछले चार महीनों में हालात बहुत ज्यादा बिगड़ गए हैं और टीएमसी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है और कार्यालयों में तोड़फोड़ की जा रही है।
टीएमसी सांसद ने कहा 'आज सुबह जो कुछ हुआ, वह सरासर अराजकता थी। सुबह 4.30 बजे का वीडियो फुटेज देखिए। पिछले चार महीनों में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। राज्य भर में टीएमसी कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की जा रही है।'
टीएमसी सांसद ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और कहा कि पुलिस स्थापित नियमों के बाहर जाकर काम कर रही है और उनके कामकाज में राजनीतिक पूर्वाग्रह दिखाई देता है। डेरेक ओ ब्रायन ने आरोप लगाया कि पुलिस, भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार कर रही है।
अभिषेक बनर्जी ने भी सरकार पर साधा था निशाना
अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा, 'क्या केंद्रीय गृह मंत्री कार्रवाई करेंगे? क्या प्रधानमंत्री कार्यालय कार्रवाई करेगा? या वे आंखें मूंदते रहेंगे?' अभिषेक बनर्जी ने लिखा, अब समय आ गया है कि न्यायपालिका, खासकर कलकत्ता उच्च न्यायालय, इस घटनाक्रम का गंभीरता से संज्ञान ले और पश्चिम बंगाल में कानून के शासन को बनाए रखने के लिए कार्रवाई करे।
टीएमसी के आरोपों पर भाजपा ने क्या जवाब दिया?
टीएमसी के आरोपों पर बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा कि अगर भाजपा बदले की राजनीति करती तो टीएमसी नेता भी बच नहीं पाते। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के भीतर कलह है और उसी के चलते पार्टी के नेता एक दूसरे को निशाना बना रहे हैं।
सामिक भट्टाचार्य ने कहा, 'टीएमसी के सदस्य एक दूसरे पर अंडे फेंक रहे हैं और एक दूसरे के कार्यालयों में तोड़फोड़ कर रहे हैं। अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में जिन लोगों ने अन्याय सहा है, वे इस स्थिति को समझते हैं।'