पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। टीएमसी की राज्यसभा सांसद मौसम नूर ने शनिवार को फिर से कांग्रेस का दामन थाम लिया। मौसम नूर का राज्यसभा कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है और उनके आगामी विधानसभा चुनाव में मालदा से चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है।
46 वर्षीय मौसम नूर इससे पहले 2009 से 2019 तक कांग्रेस के टिकट पर मालदा से दो बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं। शनिवार को उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ली।
इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, एआईसीसी महासचिव गुलाम अहमद मीर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार मौजूद रहे। सभी नेताओं ने मौसम नूर का पार्टी में स्वागत किया और इसे पश्चिम बंगाल में कांग्रेस को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम बताया। मौसम नूर की कांग्रेस में वापसी को मालदा समेत राज्य के उत्तर बंगाल क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने वाला घटनाक्रम माना जा रहा है।
कांग्रेस में शामिल होने पर क्या बोली मौसम?
उन्होंने कहा, मैं कांग्रेस पार्टी को फिर से उनके साथ काम करने का मौका देने के लिए धन्यवाद देती हूं... मैंने पहले ही तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। मैंने अपना इस्तीफा तृणमूल कांग्रेस चेयरपर्सन ममता दीदी को सौंप दिया है और मैं सोमवार को राज्यसभा से भी इस्तीफा दे दूंगी। आज से मैं कांग्रेस में शामिल हो गई हूं और मैं पार्टी को मजबूत करने के लिए बहुत मेहनत करूंगी क्योंकि बंगाल के लोग, मालदा के लोग, कांग्रेस में विश्वास करते हैं, वे कांग्रेस की धर्मनिरपेक्षता, विकास और शांति की विचारधाराओं में विश्वास करते हैं।